दुमका।
नगर परिसद में लगातार उठ रहे सवालों के बाद विवश होकर अध्यक्ष ने
कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर लंबित मामलों में कार्रवाई का निर्देश
दिया है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव व नगर विकास सचिव को भेजी गई है।
अध्यक्ष अमिता रक्षित ने पत्र में कहा है कि 21 फरवरी को नगर परिषद के
स्टोर से चापाकल की कई सामग्री चोरी हो गई। चोर दीवार काटकर अंदर से
सामान ले गए। सारी जानकारी होने के बाद भी आज तक नगर थाना में चोरी की
प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई। चिल्ड्रेन पार्क चालू होने के बाद अंदर से
हजारों का सामान चोरी हो गया। पार्क में बनी आकृतियां टूट गई, लेकिन इस
मामले में किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कहा है कि नगर परिषद
कार्यालय में कई संचिका एवं कई महत्वपूर्ण कागजात का पता नहीं चल रहा है।
इस पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है। महीनों से निविदा निकाली जा
चुकी है लेकिन सीएस बनाकर निविदा निष्पादन की फाइल आगे नहीं बढ़ाई गई है।
जिन संवेदकों का काम पूरा हो चुका है और जिन्होंने आवंटन के बाद भी काम
पूरा नहीं किया है, उनकी सूची भी तैयार नहीं की गई है। मुखी मुर्मू पर
लगे आरोपों की जांच का दस्तावेज कार्यालय में होने के बाद भी आपके स्तर
से कार्रवाई नहीं की जा रही है। कार्यालय में चापाकल सामग्री नहीं होने
के बाद भी आज तक सामग्री का ऑर्डर नहीं दिया गया है। बोर्ड की बैठक में
लिए जाने वाले महत्वपूर्ण निर्णय पर किसी तरह का काम नहीं कराया जा रहा
है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार को निर्देश दिया कि सभी
बिदुओं पर शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि विकास का काम बाधित नहीं हो।
अमिता रक्षित ने कार्यपालक पदाधिकारी को विभागीय कार्रवाई का दिया निर्देश








