दुमका : शिकारीपाड़ा में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन के संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्य विपक्ष झारखंड मुक्ति मोर्चा पर जम कर हमला बोला. उन्होंने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे जल, जंगल, जमीन के नाम पर राजनीति करते रहे, पुत्र के पास कितनी जमीन है सब जानते हैं. रघुवर दास ने कहा कि बाप-बेटे आदिवासियों का शोषण करते रहे, ठगते रहे, राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति करते रहे. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सवाल उठाया कि शिबू सोरेन को कब तक ढोओगे?मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सांसद रिश्वत कांड में तीन करोड़ रुपये लेकर शिबू सोरेन ने अपने को बेचने का काम किया था. उन्होंने कहा कि भाजपा वोट बैंक की राजनीति नहीं करती है. उन्होंने कहा कि हम गरीब के विकास और बदलाव की राजनीति करते हैं.उन्होंने कहा कि बिना संताल परगना के विकास के झारखंड का विकास नहीं हो सकता है. लोगों को शिक्षित होना होगा. विकास शिक्षा से ही होगा. उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को स्कूल भेजना होगा. झारखंड नामधारी इसीलिए शिक्षित नहीं होने देना चाहते हैं. रघुवर दास ने कहा कि 70 साल से मुसलिमों को विकास से वंचित रखा. चुनाव के वक्त उन्हें डराते रहे कि भाजपा पाकिस्तान भेज देगी, मार देगी, काट देगी. आदिवासी को डराते हैं कि जमीन बेच देगा, हेमंत सोरेन ने ही तो बालू मुंबई वालों को बेच दिया था. उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक करना होगा.

संताल परगना के विकास के लिए बार-बार मुख्यमंत्री अवतार के रूप में आ रहे हैं-डॉ लुईस मरांडी
झाविमो नेता परितोष सोरेन भाजपा में शामिल
दुमका : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास संताल परगना के दो दिवसीय दौरे पर हैं और वे बुधवार को दुमका के शिकारीपाड़ा पहुंचे हैं. मुख्यमंत्री ने यहां भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया. इस दौरान झाविमो नेता परितोष सोरेन अपने 2000 समर्थकों के साथ आज भाजपा में शामिल हो गये. मौके पर समाज कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी, कृषि मंत्री रणधीर सिंह एवं हेमलाल मुर्मू, सुनील सोरेन, सुनील साहू, अभयकांत प्रसाद आदि मौजूद हैं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संताल क्षेत्र से ही आने वाली समाज कल्याण मंत्री ने मुख्यमंत्री रघुवर दास की जमकर तारीफ की.मरांडी ने कहा कि संताल परगना ने तीन सीएम दिया, पर विकास की चिंता उन्होंने नहीं की. उन्हें चिंता सताती रही तो केवल अपने वोट बैंक की, उस वोट बैंक को बनाये रखने की. संताल परगना के विकास के लिए बार-बार मुख्यमंत्री अवतार के रूप में आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना हरेक कार्यकर्ता का राजनीतिक दायित्व है. तभी सबका साथ, सबका विकास की परिकल्पना पूरी होगी. लोइस ने कहा कि झारखंड के इतिहास में रघुवर दास पहले मुख्यमंत्री हैं जो गांव-गांव, घर-घर जा कर लोगों से मिलते हैं.वहीं, कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि संताल परगना को 22 घंटे बिजली सीएम की देन है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकारीपाड़ा के स्थानीय विधायक नहीं चाहते कि यहां ग्रिड बने, इसलिए अड़ंगा डाल रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर ग्रिड बना तो यहां 24 घंटे बिजली मिलेगी. उन्होंने कहा परितोष के आने से भाजपा का जनाधार बढ़ेगा.हाल में लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में लड़ चुके हेमलाल मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि जल, जंगल, जमीन की बात करने वाले झारखंड नामधारी दल के लोग ही जंगल कटवा रहे हैं, कोयले की चोरी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विकास के लिए भाजपा को छोड़ कर और कोई विकल्प नहीं है.








