खरसावां।
झामुमो के केन्द्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन झारखंडियों के हित में नहीं है। उन्होंने राज्य की रघुवर दास सरकार को चेतावनी देते हुए हुए कहा कि सरकार संशोधन विधेयक वापस ले अन्यथा पूरे राज्य में जन आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गोली खा सकते हैं, परंतु इस मुद्दे पर चुप नहीं रह सकते। झारखंड से खनिज, जल, जंगल व जमीन खत्म होने लगा है परंतु राज्य के झारखंडियों का विकास नहीं हो रहा। सोरेन खरसावां में आदी संस्कृति एवं विज्ञान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित उलगुलान जनाक्रोश सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति, परंपरा को बचाने के लिए आगे आने की अपील की। खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि भाजपा दोहरी राजनीति कर लोगों को गुमराह कर रही है। एक तरफ रघुवर दास सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हीं के पार्टी के अर्जुन मुंडा अखबारों में इससे उलट बयान दे रहे हैं। सरायकेला विधायक चंपई सोरेन ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने न तो कभी गुलामी स्वाकारी है और न ही हम आगे गुलामी स्वीकार करेंगे। चाईबासा विधायक दीपक बिरुआ ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट संशोधन किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगा। बहरागोड़ा विधायक कुणाल षाडंग़ी ने कहा कि राज्य की रघुवर दास सरकार बहुमत के घमंड में हमारी अस्मिता पर चोट कर रही है। कार्यक्रम को तोरपा विधायक पौलुस सुरीन, चक्रधरपुर विधायक शशिभूषण सामड व मनोहरपुर विधायक जोबा माझी ने भी संबोधित किया।
गोली खा सकते, सीएनटी पर चुप नहीं रह सकते: शिबू सोरेन








