देवघर। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देवघर के बाबा मंदिर में आज पूजा अर्चना की। इसके बाद सीएम ने श्रावणी मेले का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा कि भक्तों की श्रद्धा व विश्वास में हमारी आस्था है। बाबा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सीएम ने श्रद्धालुओं से मुलाकात की।

सीएम ने कहा कि सभी पर भगवान शिव की कृपा बनी रहे, यही बाबा से प्रार्थना की। सीएम ने कहा कि श्रावणी मेले का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला। मैं 7 साल कांवड़ लेकर आ चुका हूं। मुझे इनकी मुश्किलों का पता है। अब किसी को कोई दिक्कत नहीं होगी।

मेरी सरकार देवघर को टूरिज्म सर्किट बनाएगी, आसपास के इलाकों का सौंदर्यीकरण होगा और देवघर पर्यटन को एक नया चेहरा दिया जाएगा।
मुझे पता है कि शिवभक्तों को रास्ते में क्या क्या परेशानी झेलनी पड़ती है, इसलिए मेरी सरकार ने आपके लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। देवघर को टूरिज्म सर्किट बनाने से हजारों-लाखों की संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। लोगों को रोजगार मिले ये हमारी प्राथमिकता है।इस मौके पर उनके साथ नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, पर्यटन मंत्री अमर बाउरी, श्रममंत्री राज पलिवार, कृषि मंत्री रणधीर सिंह, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, दुमका सांसद शिबू सोरेन आदि मुख्य रूप से मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि मेला को 16 थाना क्षेत्रों में बांटकर तैयारी की गई है। इसके लिए करीब छह हजार जवान तैनात किए गए हैं।








