दुमका।
शिकारीपाड़ा प्रखंड के बरमसिया पंचायत सचिवालय से गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने डीएसपी सिरिल मरांडी के नेतृत्व में पंचायत
सचिव सुभाषचंद्र दे को सिमलती गांव के वायलेन टुडू से 10 हजार रुपये बतौर घूस लेते धर दबोचा। जानकारी के मुताबिक पंचायत सचिव सुभाषचंद्र यह राशि पीसीसी पथ निर्माण योजना में चेक देने के एवज में ले रहा था। जानकारी के अनुसार पीसीसी पथ निर्माण योजना में चेक देने के एवज में पंचायत सचिव ने सिमलती गांव के वार्ड दो सदस्य रंजन मुर्मू एवं वायलेन टुडू को 10 हजार रुपये बतौर घूस मांग कर काफी परेशान कर रखा था। वायलेन टुडू ने एसीबी की टीम से संपर्क किया तथा गुरुवार को वायलेन टुडू ने पंचायत सचिवालय बरमसिया में पंचायत सचिव सुभाषचंद्र दे को 10 हजार रुपया दिया। तत्काल टीम ने सुभाष को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया व दुमका रवाना हो गयी। उस वक्त पंचायत सचिवालय में केवल सुभाषचंद्र दे थे। पंचायत की मुखिया पुतुल मुर्मू, सहायक अभियंता अनंत कुमार भंडारी, रोजगार सेविका मौसमी भंडारी, वार्ड सदस्यों के साथ बरमसिया गांव के मालपाड़ा में प्रधानमंत्री आवास का ले-आउट कर रहे थे। इधर दुमका पहुंची एसीबी की टीम में डीएसपी सिरिल मरांडी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की और कुछ देर यहां रुकने के बाद सुभाष को लेकर रांची के लिए रवाना हो गये।
एससीबी की टीम ने 10 हजार घूस लेते पंचायत सचिव को दबोचा








