Home / News / झारखण्ड को बर्बाद करने पर तुली है रघुवर सरकार -हेमंत सोरेन

झारखण्ड को बर्बाद करने पर तुली है रघुवर सरकार -हेमंत सोरेन

दुमका।
उपराजधानी में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के 39 वें स्थापना दिवस को लेकर दुमका के खिजुरिया स्थित आवासीय कार्यालय में मंगलवार को केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मुख्मंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कार्यकर्ता दो फरवरी की तैयारी में पूरी ताकत से जुट जाएं। झामुमो इस माटी की पार्टी है और दो फरवरी के संघर्ष की पहचान है। इस संघर्ष को आक्रामक और धारदार बनाए रखने की जरूरत है। कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर गुरुजी शिबू सोरेन की नीतियों की चर्चा करें और दो फरवरी को दुमका आने का न्योता दें।
हेमंत ने कहा कि कार्यकर्ता प्रखंड में प्रचार-प्रसार व दीवार लेखन कर दो फरवरी की सूचना जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने एसपीटी, सीएनटी एक्ट और धर्मांतरण बिल के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ बिगुल फूंकने को कहा। हेमंत सोरेन ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद झामुमो ने अलग झारखंड का निर्माण कराया है और इस राज्य को बर्बाद करने पर तुली रघुवर सरकार को अब करारा जवाब देने की आवश्यकता है।
बैठक में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा ने कहा कि कार्यकर्ता अपने तीर-धनुष, नगाड़ा एवं झंडा के साथ गांधी मैदान पहुंचें। सम्मेलन को विधायक साइमन मरांडी, प्रो. स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, रवींद्रनाथ महतो, पूर्व विधायक हाजी हुसैन अंसारी, शशांक शेखर भोक्ता, लोबिन हेम्ब्रम, सुफल मरांडी, अकील अख्तर ने भी संबोधित किया। दुमका जिला अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, रवि यादव, सुशील दुबे, अशोक कुमार, असीम मंडल, सलाम अंसारी, नेपू सिंह, महिला नेत्री निर्मला भारती, कृष्णा देवी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *