साहेबगंज/बरहेट :जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और वामपंथियों के सिर्फ नाम अलग हैं। इनकी सोच व कारनामे एक जैसे ही हैं। इन्होंने झारखंड के निर्माण को लेकर झूठ और डर की राजनीति की थी। झारखंड जब बिहार का हिस्सा था। तब उन्होंने लोगों से झूठ बोला। उन्हें डराया। लेकिन आपके संघर्ष और भाजपा की प्रतिबद्धता के कारण ही आज झारखंड देश के विकास में अहम भागीदारी निभा रहा है। हालांकि आदिवासियों को, पिछड़ों को, दलितों को डराने का काम आज भी कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी वाले पहले की तरह कर ही रहे हैं। यहां झूठ प्रचार किया जा रहा है। ये पिछड़ों को डरा रहे हैं। कहीं आदिवासियों को डरा रहे हैं। मैं सिद्धो कानों की इस वीर भूमि से पूरे जनजातीय समाज को, आदिवासी साथियों को फिर एक बार आश्वस्त करता हूं। आपके जल, आपके जंगल और आपके जमीन पर कोई आंच नहीं आएगी। आपके साथ आपके विश्वास से ही यहां का विकास होगा। ये कहते थे मोदी आएगा तो आरक्षण चला जाएगा। यह झूठ फैलाते रहे। अभी संसद में हमने आरक्षण के कानून को फिर से10 साल के लिए आगे बढ़ा दिया। यह मोदी सरकार ने किया। अब उनकी बोलती बंद हो गई। उनके मुंह पर ताला लग गया। भाजपा का एक ही संकल्प है। देश का विकास हो। झारखंड का विकास हो। भाजपा आपके हित और आपके सपने को पूरा करने के लिए कृतसंकल्पित है। यही कारण है कि आपकी समस्याओं पर हम ध्यान दे रहे हैं। बीते 5 वर्षों में सड़क और बिजली क्षेत्र पर हमने ध्यान दिया। बहनों को शौचालय गैस कनेक्शन सुविधाएं दी। गरीबों को घर मिला। 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिला, किसानों को कृषि कार्य हेतु आर्थिक मदद उनके बैंक खाते तक पहुंची, माता बहनों के घर तक गैस। आने वाले 5 वर्षों में हम पूरे समर्पण भाव से हर घर पानी पहुंचाने के लिए जुटे हैं। 2024 तक हर घर जल पहुंचे, इसके लिए हम काम कर रहे हैं। किसान को हमारी बहनों को पानी के लिए परेशान ना होना पड़े। यह काम भारतीय जनता पार्टी कमल के फूल वाली पार्टी कर रही है। जल जीवन मिशन के तहत हमने काम शुरू भी कर दिया है। पानी की पाइप गांव तक हर घर तक पहुंचे, इसके लिए भाजपा सरकार बनाना बहुत जरूरी है। वरना लूटने वालों की सरकार अगर बन गई तो आपको पानी तो नहीं देगी। आपके हक के पैसे को भी लूट लिया जाएगा। इनकी नियत अगर आप को पानी देने की होती तो आप को पाइप से पानी प्राप्त करने के लिए इतना इंतजार नहीं करना पड़ता। ये बातें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साहेबगंज के बरहेट विधानसभा क्षेत्र स्थित भोगनाडीह में आयोजित जन सभा में कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका आने वाला 50 साल का भविष्य तय करने के लिए आनेवाला 5 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण है। वरना जहां भाजपा सरकार नहीं है। वहां के लोगों तक यह सुविधाएं पहुंचाने में वहां की सरकार रोड़े अटका रहे हैं,दीवार खड़ी की जा रही है। मैं दिल्ली से कितना ही जोर लगा हूं। राजधानी ये लोग मामले को लटका कर बैठ जाते हैं। झारखंड का तेज विकास तभी संभव है। जब दिल्ली और रांची में दोनों जगह एक ही सोच वाली। एक ही उद्देश्य वाली। डबल इंजन की सरकार रहे। इस को ध्यान में रखते हुए आपको फूल छाप पर बटन दबाना है। याद रखिए आपका वोट सिर्फ विधायक बनाने के लिए नहीं है, मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है। विकास करके दिखाने वाली सरकार के लिए है। आपका वोट झारखंड को ही नहीं बल्कि मुझे भी मजबूत करेगा। मैं आप से पुनः एक बार आग्रह करता हूं। बड़ी संख्या में आखिरी चरण का मतदान करें। कमल के फूल पर बटन दबाकर भारतीय जनता पार्टी को और मुझे आपकी सेवा करने का मौका दें।
कमल के फूल से झारखंड को विकास और सुरक्षा की गारंटी मिली है
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार के झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए आज यह मेरी अंतिम सभा वीरों की माटी और बाबा बागेश्वर नाथ के सानिध्य में हो रही है। ऐसे ही वीर वीरांगनाओं के आशीर्वाद से भाजपा सरकार पूरे देश में आदिवासी सेनानियों से जुड़े संग्रहालय बना रही है। म्यूजियम बना रही। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में, भारत के निर्माण में, हिंदुस्तान के हर कोने में आदिवासी वीरों के योगदान को भारत हमेशा याद रखे, आने वाली पीढ़ियां इन से प्रेरित हो। यही हमारी कामना है। मैं ऐसी तमाम पुण्य आत्मा को नमन करता हूं। उनके संघर्ष को प्रणाम करता हूं। झारखंड में चार चरणों का मतदान हो चुका है। सभी चरणों मे भारी मतदान हुआ है। शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। झारखंड के मतदाताओं ने भय से मुक्त होकर मतदान किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि *कमल के फूल से झारखंड को विकास और सुरक्षा की गारंटी मिली है। कमल का फूल खिलता है, तो गरीब का भला होता है। महिलाओं का भला होता है। युवाओं का भला होता है। आदिवासियों का भला होता है। पिछड़े इलाकों का भला होता है। पूरे समाज का भला होता है।* जब से भाजपा की एनडीए की सरकार देश में है। तब से हर वर्ग, हर संप्रदाय के हित में ही हमने काम किया है।
आपका ही स्नेह व आशीर्वाद ही जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और देश भर के वामपंथियों को परेशान करता है
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब गरीब को, आदिवासी को लगता है कि मेरा कोई अपना है जो दिल्ली में बैठकर उसका ध्यान रख रहा है, उसके बच्चों का ध्यान रख रहा है। तो गरीब से गरीब, जंगलों में रहने वाला भी मेरा भाई, मेरी बहनें, मेरी माताएं हम पर भरपूर आशीर्वाद बरसाती हैं। आपका ही स्नेह, आपका ही आशीर्वाद तो जेएमएम कांग्रेस, आरजेडी और देश भर के वामपंथियों को परेशान करता है। भाजपा को मिल रहा यह प्यार इनको पच नहीं रहा है। इनको यह समझ ही नहीं आ रहा है कि जिन बातों को लेकर दशकों तक देश को इन्होंने डराया। वह आखिर झूठ क्यों साबित हुई। सब झूठ चलाया था। अब सच उजागर होकर आ गया। अगर सबसे ज्यादा सुरक्षा कहीं है तो भाजपा की सरकारों में ही है। वे इस बात से परेशान हैं। आखिर जिन मामलों को इन्होंने दशकों तक लटकाए रखा। ऐसे मसले जो लटके पड़े थे। लोगों को भी चिंतित कर देते थे। उत्तेजित कर देते थे। परेशान कर देते थे। ऐसे उलझे हुए मामलों को आज मोदी ने कैसे सुलझा दिया।
*राम मंदिर पर बोले…*
प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम जी ने 14 साल वनवास में आदिवासियों के बीच अपनी जिंदगी गुजारी थी। अयोध्या में राम जन्मभूमि का मामला कितने सालों से लटकता रहा।इसका समाधान होना चाहिए था कि नहीं होना चाहिए था। यह मसला शांति से सुलझना चाहिए था या नहीं, सत्य के मार्ग के पर सबको चलना चाहिए था कि नहीं। लेकिन यह नहीं हुआ। क्योंकि वह वही काम करते थे, जिसमें उनकी राजनीति की रोटियां पकाई जा सके। इसका हल कांग्रेस और उसके साथी कभी नहीं चाहते थे। वे सब को डराते रहे। देश अयोध्या में राम मंदिर का इंतजार करता रहा। हम राष्ट्र नीति पर चले और अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग साफ हो गया। उनके पेट में चूहे दौड़ रहे हैं। आर्टिकल 370 को लेकर भी उन्होंने यही डर दिखाया। अगर 370 को हाथ लगाए करंट लग जाएगा। बवाल हो जाएगा। देश का टुकड़ा हो जाएगा। *उन्होंने जम्मू कश्मीर में अलगावाद को बढ़ने दिया। आतंकवाद बढ़ने दिया। वहां से पंडित निकाले गए। यह देखते रह गए। लेकिन निर्णय नहीं किया।* आपने जब इस सेवक को फिर आदेश दिया तो आर्टिकल 370 में निकल गया और शांतिपूर्ण तरीके से आज कश्मीर विकास की ओर आगे बढ़ने लग गया।
नागरिकता संशोधन कानून पर कहा..भारत के सभी नागरिक पर इस कानून कोई नुकसान नही..
प्रधानमंत्री ने कहा कि कॉन्ग्रेस और उसके साथियों की की नकारात्मक सोच को ही देशने नकार दिया। लोगों को डराने को, झूठी बातें फैलाने को उन्होंने अपनी राजनीति का आधार बना दिया था। वे झूठ फैला कर ही डर का माहौल पैदा करके ही उनकी राजनीति चल रही है। अब नागरिकता संशोधन कानून को लेकर फिर से यह सफेद झूठ बोलने लगे हैं। लोगों को डराने लगे हैं। कांग्रेस और उसके ऐसे दलों और वामपंथी पूरी ताकत झोंक दी है। *भारत के मुसलमानों को डराने के लिए ये लोग देश में झूठ और भ्रम का माहौल बना रहे हैं, हिंसा फैला रहे हैं। जबकि यह बात पत्थर की लकीर की तरह साफ है कि नागरिकता संशोधन कानून से भारत के एक भी नागरिक को चाहे वह हिंदू हो, मुसलमान हो, ईसाई हो या पारसी हो। किसी की भी नागरिकता पर कोई असर नहीं होगा। मैंने संसद में बताया था। आपको समझ में आता है। इनको समझ में नहीं आता है। क्योंकि उनकी राजनीति खिचड़ी नहीं पक रही है। हमने जो कानून बनाया है यह तो हमारे पड़ोस के 3 देशों बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान में धार्मिक अत्याचार की वजह से भारत आने वाले लोगों के लिए हमने कानून बनाया है। यह उन लोगों के लिए बनाया गया है जो वर्षों से बहुत ही दयनीय स्थिति में हैं, जिनके पास वापसी का कोई रास्ता ही नहीं है, इसमें भारतीय मुसलमानों यह किसी भी भारतीय नागरिक के अधिकारों का हनन कहां होता है। क्यों झूठ बोल रहे हो क्यों झूठ फैला रहे हो क्यों देश को बर्बाद करने पर तुले हुए हो। *यह वही कांग्रेस है, जितने अवैध तरीके से लाखों घुसपैठियों को भारत में घुसने दिया। यहां उनको वोट बैंक के नाते इस्तेमाल किया। घुसपैठियों के कारण जो समस्याएं पैदा हुई हैं। उसके लिए भी कॉन्ग्रेस और उसके सहयोगी जिम्मेदार हैं।
मेरी चुनौती स्वीकार करे..कांग्रेस और उसके सहयोगी दल
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं कांग्रेस सहित उन तमाम दलों को इस वीरों की धरती से चुनौती देता हूं। अगर उनमें हिम्मत है तो वे खुलकर घोषणा करें । कांग्रेस के सारे साथी कि वह पाकिस्तान के हर नागरिक को भारत की नागरिकता देने को तैयार हैं। देश उनका हिसाब चुकता कर देगा। इतना ही नहीं अगर कांग्रेस में साहस है तो खुलकर यह भी घोषणा करें कि वह जम्मू कश्मीर लद्दाख में फिर से आर्टिकल 370 को लागू करेंगे। हिम्मत है तो बोलो मोदी ने हटाया हम वापस लाएंगे। ये घोषणा करके दिखाओ। अगर कांग्रेस हिम्मत है। कांग्रेसियों में हिम्मत है। वह खुलकर घोषणा करें कि तीन तलाक के खिलाफ जो कानून बना है उसे वह रद्द कर देंगे। जरा हिम्मत के साथ बताओ कांग्रेस इस चुनौती को स्वीकार करें खुलकर के ऐलान करें वरना देश से झूठ बोलना देश में भ्रम फैलाना दूसरों को अपनी ढाल बनाना बंद कर दे। मैं कांग्रेस के साथियों को यह भी कहना चाहता हूं। देश के युवाओं को बर्बाद करने के खेल खेलना बंद कर दें, इससे किसी का भला नहीं होगा। देश के उज्जवल भविष्य का भला नहीं होगा। भारत का एक ही पवित्र ग्रंथ है। भारत का संविधान। यही हमारा ग्रंथ है। हमारे लिए एक ही मंत्र सर्वोपरि है। हम सिर्फ और सिर्फ भारत माता की जय के लिए जी रहे हैं। जूझ रहे हैं, और जी जान से जुटे हुए हैं। मां भारती के कल्याण के लिए, मां भारती की जय जय कार के लिए गए फैसले के साथ आपका सेवक खड़ा रहेगा।
देश के युवाओं से भी किया अपील..
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के कॉलेजों और यूनिवर्सिटी के युवा साथियों से भी आग्रह है कि आप अपने महत्व को समझें। आप जीवन के इस मूल्यवान समय को समझें। जहां आप पढ़ रहे हैं। उन संस्थानों के महत्व समझें। सरकार के फैसलों और नीतियों को लेकर चर्चा करें। डिबेट करें। आपको कुछ गलत लगता है तो लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करें। सरकार तक अपनी बात पहुंचाएं। सरकार आपकी हर बात भावना को सुनती समझती है। लेकिन आपको यह भी समझना होगा। कहीं कुछ दल, कथित अर्बन नक्सल। अपने आप को बुद्धिजीवी कहने वाले लोग। आपके कंधे पर बंदूक चला कर अपना राजनीतिक उल्लू सीधा नहीं कर रहे। आप को बर्बाद करने के पीछे इनका षड्यंत्र तो नहीं है। उन्हे सिर्फ और सिर्फ मोदी से नफरत है। देशहित से जुड़ा कोई भी मुद्दा हो। वह मोदी के प्रति जो उनकी नफरत है, उससे आगे देखी नहीं पाते हैं।
गंगा नदी की उपयोगिता बताई…
प्रधानमंत्री ने कहा कि साहेबगंज को मां गंगा का आशीर्वाद मिला है। यहां पानी का उपयोग पीने, शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के लिए हो सकता है। यह सोच भी कांग्रेस और जेएमएम सरकार को कभी नहीं आया। आजादी से पहले यहां तो खूब व्यापार कारोबार विदेशों के लिए होता था। लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस जेएमएम सरकारों ने इसको भी ठप कर दिया। भाजपा सरकार ने गंगा के पानी को परिवहन के लिए, यातायात के लिए उपयोग करने का बीड़ा उठाया है। हल्दिया से वाराणसी तक गंगा जी पर जहाज चलने का रास्ता साफ हो गया। यहां साहेबगंज में भी मल्टी मॉडल टर्मिनल बनाने काम तेजी से हो रहा है, इससे साहेबगंज देश और विदेश के तमाम हिस्सों में पानी के रास्ते जुड़ जाएगा। इसका लाभ कोयला आधारित उद्योगों को भी मिलेगा, खाद, सीमेंट और चीनी के साथ साथ अन्य सामानों की ढुलाई भी आसानी से हो पाएगी। यानी यहां नए उद्योगों के लिए, व्यापार कारोबार के लिए नए रास्ते खुलेंगे। इस इलाके के विकास को प्राथमिकता देते हुए यहां रेलवे सहित आवाजाही की तमाम सुविधाएं भी सशक्त किया जा रहा है। गंगा जी पर पुल निर्माण की शुरुआत हो चुकी, इसको लेकर दिक्कतों को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। यहां पहले से ही अनेक प्राचीन मंदिर हैं। जब कनेक्टिविटी सुधरेगी। पर्यटन उद्योग का विस्तार होगा। क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।








