दुमका : झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को दुमका विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया. माता-पिता से आशीर्वाद लेने के बाद दुमका पहुंचे हेमंत के नामांकन के समय विधायक नलिन सोरेन,भाभी सीता सोरेन , भाई वसंत सोरेन, झामुमो के महासचिव विजय सिंह उनके साथ थे.
नामांकन दाखिल करने से पहले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने अपने पिता व झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और अपनी मां से आशीर्वाद लिया. इसके बाद प्रदेश की उपराजधानी दुमका के लिए रवाना हुए. हेमंत इस बार दो-दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं.
सुबह 11 बजे उनका नामांकन दाखिल करने का समय तय किया गया था, लेकिन समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचने में उन्हें विलंब हो गया. हेमंत सोरेन भारी ताम-झाम के साथ तो यहां नहीं पहुंचे, लेकिन समर्थकों की अच्छी-खासी भीड़ यहां देखी गयी. दुमका एक बार फिर हॉट सीट है. यहां से पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन कई बार चुनाव लड़ते और जीतते रहे हैं.
इस बार हेमंत सोरेन यहां से चुनाव लड़ रहे हैं. हेमंत दुमका के अलावा बरहेट से भी चुनाव लड़ेंगे. बरहेट से वह 2 दिसंबर को नामांकन दाखिल करेंगे. झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने वर्ष 2014 का चुनाव साहिबगंज जिला के बरहेट विधानसभा सीट से ही जीता था. दुमका और बरहेट दोनों सीटों पर पांचवें और आखिरी चरण में 20 दिसंबर को वोटिंग होगी.
उल्लेखनीय है कि पांचवें और आखिरी चरण के लिए 26 नवंबर से नामांकन शुरू हुआ. 3 दिसंबर तक प्रत्याशी पर्चा दाखिल कर सकेंगे. 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 6 दिसंबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले पायेंगे. 6 दिसंबर को ही उम्मीदवारों को उनका चुनाव चिह्न आवंटित किया जायेगा.
जामा से झामुमो के सीता मुर्मू उर्फ़ सीता सोरेन ने किया नामांकन दाखिल

दुमका : 11 जामा विधानसभा के झारखंड मुक्ति मोर्चा के रूप में सीता मुर्मू ने निर्वाची पदाधिकार-सह-अपर समाहर्ता दुमका सुनील कुमार को अपना नामांकन पत्र सौंपा। वंही 10 दुमका विधानसभा से आप पार्टी के रूप में मीरू हांसदा ने निर्वाची पदाधिकार-सह-अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
एवं 12 जरमुंडी विधानसभा के जय नारायण मंडल,झारखंड पीपुल्स पार्टी एवं टिकेश्वर यादव समाजवादी पार्टी ने निर्वाची पदाधिकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी दुमका अल्बर्ट बिलुंग को अपना नामांकन पत्र सौंपा।








