
रांची: प्रदेश की राजधानी रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इस मौके पर प्रदेश की राजधानी के मोरहाबादी मैदान में देश की नामचीन हस्तियां और आम लोगों के सामने हेमंत सोरेन ने प्रदेश के 11वें (व्यक्ति के अनुसार छठवां) मुख्यमंत्री की शपथ ली. झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. हेमंत दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं. इससे पहले उन्होंने जुलाई 2103 में सीएम पद की शपथ ली थी. वह 28 दिसंबर 2014 तक इस पद पर रहे थे.
हेमंत के अलावा कांग्रेस पार्टी के आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और राजद के विधायक सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया गया. इसको लेकर तैयारियां जोरशोर से चल रही थी. आम से लेकर खास लोगों ने इस समारोह में हिस्सा लिया. मालूम हो कि झारखंड में तीन बार राष्ट्रपति शासन भी लग चुका है.
पाकुड़ से चाैथी बार विधायक बने आलमगीर आलम ने ली मंत्री पद की शपथ
आलमगीर आलम ने इस बार पाकुड़ विधानसभा सीट से सबसे बड़े अंतर से जीतने का रिकॉर्ड बनाया है. आलम ने भाजपा प्रत्याशी वेणी प्रसाद गुप्ता को 65,108 मतों के अंतर से हराया है. जीत का यह अंतर इस साल के झारखंड विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा है. आलम पाकुड़ से चाैथी बार विधायक चुने गए हैं. वह झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं._








