Home / News / पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक जवान शहीद , चार घायल

पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक जवान शहीद , चार घायल

दुमका। पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक जवान शहीद एवं चार घायल हो गये। घटना अहले सुबह रानीश्वर थाना क्षेत्र के कटहलिया पंचायत के तालडंगाल गांव में घटी। यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सीमा के समीप पड़ता है। नक्सलियों से मुठभेड़ सर्च अभियान के दौरान हुई। शहीद जवान नीरज क्षेत्रीय असम राज्य के सोनीतपुर जिला के हेलेम थाना क्षेत्र के करीबील नेपाली गांव निवासी है। घटना की पुष्टि एसपी वाई एस रमेश ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस को क्षेत्र में नक्सली गतिविधी की सूचना थी। एसएसबी-35 बटालियन के द्वारा सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। घटना करीब 3ः30 मिनट पर बतायी जा रही है। करीब 50 की संख्या में एसएसबी बटालियन के जवान अभियान में शामिल थे। वहीं नक्सलियों की संख्या 10 से 12 बतायी जा रही है। सर्च अभियान डिप्टी कमांडेंट नरपत सिंह के नेतृत्व में चल रही थी। घटना में दो जवान की हालत गंभीर है। जिसमें से दो जवान की हालत चिकित्सकों ने समान्य बताया है। तत्काल गंभीर रूप से घायल जवान राजेश कुमार राय को एयर एम्बुलेंस से इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। बाद में शहीद जवान के पार्थिव शरीर के साथ हेलिकॉप्टर से घायल करन कुमार को बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया। एसपी रमेश ने बताया कि रांची में मेडिकल प्रक्रिया के बाद शहीद के पार्थिव शरी को उनके पैतृक आवास भेजा जायेगा। इधर चार से पांच नक्सलियों को गोली लगने की बात कही। सभी जंगल और मौसम का फायदा उठा भागने में कामयाब रहे। हलांकि एसपी ने बताया कि जवान नक्सलियों को चारों तरफ से घेर लिया है। सर्च अभियान जारी है नक्सलियों को घेर मार गिराया जायेगा।


गंभीर रूप से घायल राजेश को दोनों पैर में लगी गोली।

दुमका।घायलों में घायलों में जम्मू काश्मीर के राजौरी जिला के पीपी चिनडोस थाना क्षेत्र के डोगानी गांव निवासी करन कुमार, झारखंड के रामगढ़ जिला के पतरातू थाना क्षेत्र के शाह क्लोनी गांधी नगर निवासी राजेश कुमार राय है। घायल सोनू कुमार यूपी के अलीगढ़ जिला के गांगुटा थाना क्षेत्र के गांगुटा गांव निवासी है। सतीश कुमार गुजर राजस्थान के दौसा जिला के सिकरियल थाना क्षेत्र के धूलकुट गांव निवासी है। घायलों में राजेश कुमार राय एवं करन कुमार की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया है। राजेश के दोनों पैर में गोली लगी है। वहीं करन के एक हाथ में गोली है। सोनू कुमार के गले को छूते हुए गोली निकल गई। वहीं सतीश गुजर के दाहिने पैर के पंजे में गोली गली है। शहीद नीरज के पीठ में गोली लगी है। जो सिने में जाकर गोली रह गई।

हिंसा समस्या का समाधान नहींः सांसद

दुमका। पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की सूचना पाकर सदर अस्पताल पहुंच नवनिर्वाचित सांसद सुनील सोरेन ने जवानों का हाल जाना। अस्पताल में चिकित्सकों को समुचित इलाज के निर्देश देते शहीद जवान को देखने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां पोस्टमार्टम होने तक मौके पर उपस्थित रहे। घटना की निंदा करते हुए सांसद सुनील सोरेन ने नक्सलियों को संदेश देते हुए कहा कि हिंसा से किसी समस्या का समाधान नहीं होता है। मामले को लेकर और समस्या का समाधान को लेकर सरकार से बात करने का आश्वासन दिया। इधर डीसी मुकेश कुमार ने भी अस्पताल पहुंच घायल जवानों का हाल जाना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अमरेंद्र सिंह मुन्ना, गोकुल यादव सहित भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

महज 27 वर्ष के उम्र में देश के नाम से नीरज ने दी कुर्बानी

दुमका। शहीद जवान नीरज क्षत्रिय को शस्त्र छुका अंतिम सलामी दी गई। 24 फरवरी 1991 में जन्मे शहीद जवान नीरज को हवाई अड्डा पर उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे से लपेट अंतिम विदाई दी गई। महज 27 वर्ष के उम्र में देश पर कुर्बान होने वाले करन बटालियन में 10 सितंबर 2014 में सेवा में आये थे। नीरज के पार्थिव शरीर को एक के बाद एक अधिकारियों ने नम आंखों से पुष्प अर्पित कर सलामी दे एवं हाथ जोड़ नमन करते हुए भावभीनी विदाई दी। सलामी एसएसबी बटालियन के द्वितीय कमान पदाधिकारी संजय गुप्ता, कमांडेंट परिक्षित, एसपी वाई एस रमेश, एसडीओ राकेश कुमार, एसडीपीओ पूज्य प्रकाश, जामा थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल, रामगढ़ थाना प्रभारी राजीव रंजन सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित एवं सलामी देकर नमन किया।

घात लगाये नक्सलियों ने उंची पहाड़ियों से जवानों के दस्ता को बनाया निशाना

दुमका। नक्सलियों ने कायरना हरकत का परिचय देते हुए पीठ पर गोली मारी है। शहीद एवं घायल जवानों के शरीर गोली के निशान से पता चलता है कि घात लगाये नक्सलियों ने जवानों पर पीछे से वार किया है। घने जंगल में तीन तरफ से घिरे पहाड़ों से घिरा होने और घटना स्थल को देख आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि नक्सलियों ने उंचे पहाड़ों पर पहले से घात लगा बैठे थे। इस दौरान सर्च अभियान के गुजर रही जत्था पर फायरिंग कर अपनी उपस्थिति दर्ज कर दिया। जबाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायरिंग की। जिसमें करीब पांच नक्सलियों को गोली लगने की सूचना है। यह कार्रवाई पुलिस मुठभेड़ में हार्ड कोर नक्सली ताला दा के मौत का भी बदला माना जा रहा है। एसपी वाई एस रमेश ने बताया कि नक्सली विजय दा और निशिकांत के दस्ते के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *