देवघर : स्नातक तृतीय वर्ष की विशेष परीक्षा नहीं होने से नाराज छात्रों ने शनिवार को देवघर महाविद्यालय में सिदो-कान्हू मुर्मू विवि के कुलपति प्रो मनोरंजन प्रसाद सिन्हा का पुतला फूंका। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए, अविलंब परीक्षा कराए जाने की मांग की। परिषद के कॉलेज अध्यक्ष संदीप मिश्रा के नेतृत्व में पुतला दहन किया गया। स्नातक तृतीय वर्ष की विशेष परीक्षा बीते नवंबर, दिसंबर में आयोजित किए जाने की बात कही गई थी। परीक्षा आयोजित करना तो दूर अभी तक विवि प्रशासन ने परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि तक जारी नहीं किया है। जबकि विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय के माध्यम से कई बार छात्रों की इस समस्या से विवि प्रशासन को अवगत कराया है। परीक्षा नहीं होने की स्थिति में छात्रों का साल बर्बाद हो रहा है। जिला संयोजक सौरभ पाठक व नगर मंत्री कुंदन पंडित ने कहा कि विवि प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इस मुद्दे के अलावा छात्रों की अन्य समस्याओं को लेकर विद्यार्थी परिषद के बैनर तले आगामी 10 फरवरी को शहर के सभी महाविद्यालयों में धरना दिया जाएगा। मौके पर नगर मीडिया प्रभारी प्रत्यक्ष पराशर, कॉलेज मंत्री सुमन ठाकुर, अजय राज, अमन भारद्वाज, लालमोहन यादव, प्रशांत कुमार, अजीत कुमार, मनीष सिंह, आकाश कुमार, नमन कुमार, धनंजय कुमार, अनिल कुमार, कन्हैया सिंह, विरू राज व दिग्विजय पांडेय आदि मौजूद थे।
छात्रों ने सिदो कान्हू मुर्मू विवि के कुलपति का फूंका पुतला








