
दुमका : विपक्ष की भूमिका का निर्वहण करते हुए भाजपा ने कोरोना से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की है,पर दु:ख इस बात कि है राज्य सरकार को यहां के लोगों दुखदर्द से कोई वास्ता नहीं है। सरकार कोरोना संक्रमण की रोकथाम में पूरी तरह से विफल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आम जनता की सहायता से कोई दिलचस्पी नहीं है। उक्त बातें शनिवार को पूर्व मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के बाद अगर प्रधानमंत्री लोगों की मदद नहीं करते तो पता नहीं राज्य की क्या दुर्दशा होती। कोविड अस्पताल में पीने का पानी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। एक ही प्यूरीवाटर का पानी सभी लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। गांव से लेकर शहर के लोग महामारी से सहमे हुए हैं। प्रभावित के परिवार के सामने अनाज की समस्या है। भाजपा ने अपना दायित्व निभाते हुए हर संभव मदद की। लोगों को घर जाकर अनाज दिया। जनधन योजना के तहत पैसा दिया। महिलाओं को पेंशन का लाभ दिया गया। परन्तु यह सरकार कुछ नहीं कर रही है। सरकार ने दावा किया था कि आने वाले प्रवासी मजदूरों को रोजगार दिया जाएगा। सरकार सार्वजनिक करें कि उसने कितने लोगों को अभी तक रोजगार दिया है। सरकार ईमानदारी से अपनी जिम्मेवारी नहीं निभा रही है। सरकार किसी चीज को सार्वजनिक करने में इसलिए डर रही है कि उसने कोई काम ही नहीं किया। यही कारण है कि जिले में रोकथाम की बजाय मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। केवल संक्रमित को छोड़कर कहीं पर भी सैनिटाइजेशन का काम नहीं हो रहा है। मौके पर जिलाध्यक्ष निवास मंडल ,पिंटू अग्रवाल आदि मौजूद थे .
मुख्यमंत्री को आम जनता की सहायता में कोई दिलचस्पी नहीं -डॉ लुईस मरांडी








