
दुमका:झारखण्ड की उपराजधानी दुमका में 8 दिसंबर को मुफस्सिल थाना क्षेत्र की घासीपुर पंचायत में पांच बच्चों की मां के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वालों में एक किशोर भी शामिल था। मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीन मुख्य आरोपितों को जेल और एक किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया।पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वारदात को अंजाम देने में 13 लोग शामिल थे। हालांकि मामले में 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से एक को पुलिस ने वारदात के दूसरे दिन ही हिरासत में लिया था। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि वह खुद को निर्दोष बता रहा है। वहीं एक आरोपित को रविवार को और चार लोगों को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अन्य 11 आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार किए गए चार आरोपितों को मंगलवार को मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य जांच के बाद एसपी के सामने लाया गया।मंगलवार को पुलिस सभागार में एसपी अंबर लकड़ा ने बताया कि सोमवार को मोहली टोला से बोदी लाल हांसदा, संतोष हेंब्रम व मनोज हांसदा समेत एक किशोर को हिरासत में लिया गया था। सभी ने वारदात के समय जो कपड़े पहने थे, उन्हें भी जब्त किया गया है। सभी ने पूछताछ में बताया कि कुल 13 लोगों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। संतोष ने उन लोगों को वहां पर बुलाया था। शनिवार को मंगल मुर्मू को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अभी तक पांच की गिरफ्तारी हो चुकी है और 11 अभी बाकी हैं। उनकी तलाश में पुलिस की एक टीम लगातार छापेमारी कर रही है। मौके पर महिला थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, डीएसपी विजय कुमार, थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह, श्यामल मंडल, मटिल्डा मिज आदि मौजूद थे।








