Home / News / पुलिस ने चोरी की चार बाइक के साथ तीन चोर को किया गिरफ्तार,बाइक के बजाय बेचते थे पुर्जे

पुलिस ने चोरी की चार बाइक के साथ तीन चोर को किया गिरफ्तार,बाइक के बजाय बेचते थे पुर्जे

10 दिन पहले जमानत पर निकला था बाइक चोर

दुमका: मुफस्सिल थाना की पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले तीन युवकों को दोमुहानी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है .
जेल से 10 दिन पहले जमानत पर निकले जुनैद उर्फ जीतू अंसारी की निशानदेही पर चोरी की चार बाइक को भी बरामद कर लिया गया है। दो आरोपित जुनैद और रहीम अंसारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दोमुहानी व सीतपहाड़ी गांव के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा सिराजुल अंसारी काठीकुंड के बिछियापहाड़ी का रहने वाला है। जुनैद 10 दिन पहले जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा था। सभी को गुरुवार को जेल भेज दिया गया है।
एसपी अंबर लकड़ा ने बताया कि शहर व ग्रामीण इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए डीएसपी विजय कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। बुधवार की देर शाम पुलिस ने दोमुहानी गांव के जुनैद अंसारी को गिरफ्तार किया। वह चोरी की बाइक चला रहा था। उसकी निशानदेही पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। रहीम के घर से एक बाइक बरामद हुई। वहीं सिराजुल के घर से दो बाइक के पुर्जे मिले। पूछताछ में जुनैद ने स्वीकार किया कि वह रहीम अंसारी व सिराजुल अंसारी के साथ मिलकर बाइक चोरी करता था। मास्टर चाबी से बाइक की लॉक खोलकर दो मिनट में गाड़ी लेकर निकल जाता था। मौके पर डीएसपी विजय कुमार व थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह मौजूद थे।
एसपी ने बताया कि बाइक चोरी करने वालों का एक गिरोह काम कर रहा है। गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस को कुछ लोगों का नाम भी पता चल गया है।
थाना प्रभारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वे चोरी की बाइक नहीं बेचते थे, बल्कि उसके पुर्जे इधर से उधर कर देते थे। इस कारण चोरी की बाइक का पता करना मुश्किल होता था। जो दो बाइक बरामद की गई है, उसके भी सारे पुर्जे खुले हुए थे, लेकिन उन्हें बेचने से पहले ही बरामद कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *