
दुमका :संताल हूल के अमरनायक वीर सिदो, कान्हू, चांद, भैरव व फूलो-झानों के छठी पीढ़ी के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या और उस वारदात को अंजाम देने वाले शख्स की अब तक गिरफ्तारी न हो पाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिदो कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पोखरा चौक में आयोजित उपवास कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा आम जन भी शामिल हुए।उपवास कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से बात करते हुए भाजपा नेत्री सह पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी ने मामले के दस दिन गुजर जाने के बाद भी हत्यारो को गिरफ्तार न कर पाने को दुभार्ग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वीर सेनानियों की जन्मस्थली में रहने वाली जनता ने अपना जनप्रतिनिधि हेमंत सोरेन को चुना था। पर श्री सोरेन के मुख्यमंत्री बनने के बावजूद आज वहां की जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। जब वीर सेनानियों के परिजन की ही सुरक्षा सरकार सुनिश्चित नहीं कर पा रहे और उनकी हत्या हो जाने पर अपराध करने वाले को हेमंत सरकार गिरफ्तार नहीं कर पा रही, तो आमजन कैसे सुरक्षित बचेंगे। पूर्व मंत्री ने कहा कि छात्र, युवा, समाजसेवी, जनजातीय समाज सभी वर्ग के लोग इस घटना को लेकर अपने-अपने तरीके से आवाज उठा रहे, पर किसी की नहीं सुनी जा रही। यही हाल रहा, तो जनता सड़क पर उतरेगी और न्याय की मांग करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार को जवाब देना पड़ेगा कि वह हत्या के इस मामले में क्यों खामोश हैं? उपवास कार्यक्रम में भाजपा के जिला अध्यक्ष निवास मंडल, एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष कालेश्वर मुर्मू, प्रदेश मंत्री विशु टुडू, जिला मंत्री राजदेव सोरेन, गोमस हांसदा, नयाडीह के मुखिया पिंकू हांसदा, ब्रेनतियस किस्कू, संतोष सोरेन, निर्मल लॉरेंस हेंब्रम, विशाल मिर्धा, मनोज मिर्धा, जितेंद्र मिर्धा, मदन दे, दिनेश मरांडी, गणेश किस्कू, विनोद हेंब्रम, प्रीतिलता हेंब्रम, चुनु मोहली, अजय कुमार, सतीश कुमार, सनातन मुर्मू, नीलू हेंब्रम, कालेश्वर सोरेन, देवीसल टुडू, एलिजाबेथ हेंब्रम, मसीचरण मरांडी आदि मौजूद थे।








