
दुमका :उपराजधानी में पुलिस अधीक्षक वाई एस रमेश ने आने वाले दिनों में आने वाले आयोजन को लेकर मंगलवार को पुलिस सभागार कक्ष में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक व थाना प्रभारी के साथ बैठक की। इस दौरान चुनाव में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपराध की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारी को अावश्यक निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में पुलिस पदाधिकारियों का अहम रोल रहा। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। बेहतर कार्य के लिए उन्होंने डीएसपी पूज्य प्रकाश, श्रीराम समद, संतोष कुमार के अलावा सभी पुलिस निरीक्षक व थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। थाना प्रभारियों से कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जाने में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। पूरे बल के साथ ही क्षेत्र में प्रवेश करें। थाना में रिकार्ड को बेहतर ढंग से रखा जाए। सभी के प्रयास से कई कांड का उदभेदन हुआ है। इससे पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ेगा। कहा कि राज्य में नई सरकार का गठन हो चुका है। विधि व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता है। आने वाले समय में हिजला मेला, काठीकुंड मेला और गणतंत्र दिवस है। इसके लिए पर्याप्त मात्र में जवानों की तैनाती कर सुरक्षा को मजबूत बनाना जरूरी है। जरमुंडी पुलिस निरीक्षक को निर्देश दिया कि बासुकीनाथ में हर बड़ी पूजा के दौरान विशेष नजर रखने की आवश्यकता है। किसी तरह की चूक की गुजांइश नहीं हाेनी चाहिए।
दुमका एसपी ने चुनाव में बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया








