
दुमका :उपराजधानी दुमका में तीन दिवसीय सारजोम बेड़ा फुटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ शुक्रवार को बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम में डीआइजी राजकुमार लाकड़ा, पूर्व समाज कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी व एसडीओ राकेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व किक मारकर किया। लीग मैच में दुमका, जामताड़ा, जमशेदपुर व छत्तीसगढ़ ने अपने मैच जीते। छत्तीसगढ़ और जमशेदपुर की टीम ने क्वार्टर फाइनल जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। खेल से पहले मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अन्य लोगों ने राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान समाप्त होते ही मुकाबले के लिए दुमका की इलेवन टाइगर व पश्चिम बंगाल के फरक्का की आदिवासी गोंटा की टीम के खिलाड़ी मैदान में पहुंचे। दोनों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। हाफ टाइम तक दुमका ने एक गोलकर बढ़त बनाई। इसके बाद फरक्का के खिलाड़ी कई मौकों को गोल में नहीं बदल सके। दुमका ने अंत समय में दो गोल कर 3-0 से मैच जीत लिया। दूसरा मैच एफसी जमशेदपुर और जमालपुर इलेवन के बीच खेला गया। जमशेदपुर ने 2-1 से जीत दर्ज की। तीसरा मैच मॉर्निग स्टार खुर्दा और आदिवासी रॉयल क्लब जामताड़ा के बीच खेला गया। जिसमें जामताड़ा ने 2-0 से जीत दर्ज की। लीग का चौथा मैच छत्तीसगढ़ की रायपुर एफसी और अमड़ापाड़ा की टीम के बीच खेला गया। जिसमें छत्तीसगढ़ ने 6-2 से जीत हासिल कर अगले चक्र में प्रवेश किया।वहीं दुमका टाइगर और एफसी जमशेदपुर के बीच क्वार्टर फाइनल का पहला मैच खेला गया। जिसमें पेनाल्टी शूट में जमशेदपुर ने 6-5 से जीत हासिल की। वहीं दूसरा क्वार्टर फाइनल आदिवासी क्लब जामताड़ा और छत्तीसगढ़ की रायपुर टीम के बीच खेला गया। जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम 1-0 से विजयी रही। मौके पर अध्यक्ष ब्रहमदेव सोरेन , गुंजन मरांडी,अमर हेम्ब्रम ,मनोज सिंह पहाड़िया,ग्लैडसन सोरेन ,जुनस मरांडी एवं दर्शक आदि मौजूद थे।
तीन दिवसीय सारजोम बेड़ा फुटबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ








