Home / News / आपसी रंजिश में चचेरे भाई को मारी गोली, युवक घायल

आपसी रंजिश में चचेरे भाई को मारी गोली, युवक घायल

दुमका : नगर थाना अंतर्गत ग्रांट स्टेट मोहल्ले में रविवार को एक युवक ने आपसी रंजिश में अपने ही चचेरे भाई को गोली मारकर घायल कर दिया। मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। अपराधी रोहित शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने रोहित के पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किया है। रोहित का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह नशे का भी आदी है। वहीं घायल जितेंद्र शेखर शर्मा को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहित द्वारा चलायी गयी गोली जितेंद्र के पैर में लगी है। पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी नूर मुस्तफा अंसारी के मुताबिक मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हो सकता है चूँकि दोनों परिवार का जमीन का बंटवारा हो चुका है। आरोपी रोहित नशे का भी आदी है। आखिर किन कारणों से रोहित ने जितेंद्र को गोली मारी इसकी तफ्तीश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक नगर थाना क्षेत्र के ग्रांट स्टेट मोहल्ले में जितेंद्र शेखर शर्मा नाम के युवक पर उसी के चचेरे भाई रोहित शर्मा ने गोली चला दी। गोली मारकर रोहित भागने के फिराक में था लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे धर दबोचा। मौके पर पहुँची पुलिस ने रोहित को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाना ले आयी। बाद में रोहित के पास से पुलिस ने इस्तेमाल की गयी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया। नगर थाना में आरोपी रोहित के खिलाफ हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अनुसंधान में जुट गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *