![]()
(झारखण्ड देखो /प्रतिनिधि )
दुमकाः नगर थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रसिकपुर-तेलीपाड़ा इलाके में शराब की खेप आ रही है. इस सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी की गई. इस छापेमारी में पुलिस ने रसिकपुर- तेलीपाड़ा इलाके में सड़क किनारे खड़े एक बोलेरो को जब्त किया, जिसमें शराब भरी थी. शराब हिमाचल प्रदेश की है.जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़ी गाड़ी लॉक थी. इस लॉक बोलेरो में अंग्रेजी शराब भरी थी. पुलिस ने बोलेरो का दरवाजा और शीशा तोड़कर शराब जब्त किया. इसके बाद गाड़ी को थाना ले जाकर छानबीन शुरू की है. बताया जा रहा है कि दुमका जिले से बिहार का बांका जिला सटा हुआ है और इस शराब की खेप को बांका जिले में खपाया जाना था. पुलिस ने बताया कि शराब से भरी बोलेरो से आगे एक दूसरी बोलेरो भी सड़क किनारे खड़ी मिली है. उन्होंने आशंका जताई है कि दूसरी बोलेरो से एस्कॉर्ट किया जा रहा होगा.

एसडीपीओ नुर मुस्तफा अंसारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर छापेमारी की गई. उन्होंने बताया कि इस छापेमारी में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. वाहन के नंबर प्लेट की जांच की जा रही है, ताकि मालिक की तलाश की जा सके. उन्होंने कहा कि एक गाड़ी पर दुमका और दूसरी गाड़ी पर गोड्डा जिले का नंबर प्लेट लगा है. उन्होंने कहा कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचानी थी.अवैध शराब जब्ती का यह पहला मौका नहीं है. इससे पहले भी भारी मात्रा में शराब बरामद हुआ है. पिछले 3 माह में तीन बार भारी मात्रा में शराब बरामद हो चुका है. इन मामले में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया, जो जेल में हैं.

हिमाचल प्रदेश की शराब दुमका में जब्त ,तस्कर हुआ फरार








