दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा जिला आपूर्ति कार्यालय, विद्युत कार्यालय के कंट्रोल रूम तथा जिला खेल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला आपूर्ति कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न अभिलेखों, आगत-निर्गत पंजी एवं अन्य संधारण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि अभिलेखों का संधारण सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए। लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराना प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा गया। डाकिया योजना के प्रभावी संचालन, राशन डीलरों की अद्यतन सूची तैयार करने तथा पीओएस मशीनों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान लिपिक के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु उपायुक्त ने विद्युत कार्यालय के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की स्थिति में त्वरित मरम्मत की व्यवस्था रखी जाए तथा ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में 48 घंटे के भीतर उसे बदलना सुनिश्चित किया जाए। जामा स्थित ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप को नियमित रूप से क्रियाशील रखने, ट्रॉली ट्रांसफार्मर का बैकअप रखने एवं आवश्यक उपकरणों की मांग समय पर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया। साथ ही, फॉल्ट से संबंधित विवरणों का संधारण एक रजिस्टर में करने तथा लापरवाही बरतने वाले तकनीशियनों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही गई।
जिला खेल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न अभिलेखों की समीक्षा की एवं निर्देश दिया कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु मासिक गतिविधि कैलेंडर तैयार किया जाए तथा उसी के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।








