पाकुड़: जिले भर के सभी प्रखंडों में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। अमड़ापाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित बाबा घाघेश्वरनाथ मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
अमड़ापाड़ा में बाबा की बारात निकाली गई, जिसमें हजारों महिला-पुरुष भक्त शामिल हुए। देवघर और कोलकाता से आए कलाकारों ने झांकियां और विवाह गीत प्रस्तुत कर वातावरण को संगीतमय बना दिया। मंदिरों को फूलों और रोशनी से सजाया गया, वहीं विशेष पूजा-अर्चना, ध्वजारोहण, श्रृंगार पूजा और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
हिरणपुर प्रखंड के धरनी पहाड़, तेतुलिया पहाड़, रानीपुर परगला नदी सहित विभिन्न गांवों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव-पार्वती की आराधना की। भजन-कीर्तन और शाम को महाप्रसाद वितरण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
समिति के सदस्यों ने बताया कि महाशिवरात्रि भगवान शिव का महान उत्सव है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि शिवलिंग पर जल चढ़ाने और रुद्राभिषेक करने से पाप धुल जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।







