पाकुड़। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनज़र समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम एवं अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी।
उन्होंने बताया कि नामांकन एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अंतिम सूची प्रकाशन के बाद अध्यक्ष पद हेतु कुल 10 तथा वार्ड सदस्य पद हेतु 89 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सभी अभ्यर्थियों को नियमानुसार चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है।
निर्वाचन से संबंधित बैठक में अभ्यर्थियों को मतदान केंद्रों की सूची, पहचान पत्र, अंतिम सूची, व्यय लेखा संधारण हेतु रेड चार्ट, आदर्श आचार संहिता की मार्गदर्शिका तथा निर्वाचन अभिकर्ता नियुक्ति से जुड़े आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराए गए। साथ ही व्यय लेखा जांच की निर्धारित तिथियों की जानकारी भी दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन कार्य की निगरानी के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 4 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), 4 स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST), 2 बीएसटी, 2 वीवीटी एवं 5 लेखा टीम सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
जांच अभियान के क्रम में एसएसटी टीम द्वारा चेकिंग के दौरान 3 लाख 50 हजार रुपये की जब्ती की गई है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग को सूचना दी गई है। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी हेतु सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मतदान की तैयारियों के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा मतदान कर्मियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण संपन्न हो चुका है। मतगणना हेतु बाजार समिति परिसर में स्ट्रांग रूम का निर्माण किया जा रहा है। इस बार सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों एवं मतदाताओं से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में सहयोग करने की अपील की है। प्रेस वार्ता में निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), मीडिया कोषांग के पदाधिकारी एवं प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







