Home / News / अब कागज कलम से मीटर की रीडिंग नहीं होगी

अब कागज कलम से मीटर की रीडिंग नहीं होगी

दुमका .
कनेक्शन लगने व मीटर रीडिंग के महीनों बाद बिल आने की समस्या से अब उपभोक्ताओं को राहत मिल जाएगी। नए वर्ष में बिजली विभाग ने एक नई व्यवस्था की है। अब मीटर रीडिंग के तत्काल बाद उपभोक्ता को बिल थमा दिया जाएगा। इसके बाद उपभोक्ता बिल की अदायगी समय पर कर सकेंगे। बिल में किसी प्रकार की त्रुटि होने की आशंका भी नहीं के बराबर होगी। मीटर रीडिंग का काम निजी कंपनी ईएमडीईई द्वारा ऊर्जा मित्रों की नियुक्ति कर कराया जाएगा। कंपनी ने संताल परगना प्रमंडल के छह जिलों क्रमश: दुमका, पाकुड़, देवघर, साहिबगंज, गोड्डा व जामताड़ा में ऊर्जा मित्रों की नियुक्ति कर ली गई है। जनवरी माह से यह काम करना शुरू कर देंगे।गौरतलब हो कि बिजली बिल में त्रुटि, मीटर रीडिंग के महीनों बाद बिल नहीं आने जैसी शिकायतों से विद्युत विभाग कराह रहा है। कई कर्मियों को सिर्फ बिल की गड़बड़ी को दूर करने के लिए ही तैनात किया गया है। इसके बावजूद भी समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। विद्युत कार्यालय में बिल से संबंधित शिकायत लेकर आने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जाती है। इस समस्या से उपभोक्ताओं को निजात दिलाने के लिए विद्युत विभाग ने मीटर रीडिंग व बिल वितरण का जिम्मा ईएमडीईई नामक निजी संस्था को देने का निर्णय लिया है। संताल परगना में यही कंपनी मीटर रीडिंग व बिल देने का काम करेगी। विभागीय सूत्रों ने बताया अब कागज कलम से मीटर की रीडिंग नहीं होगी। न ही बिल भेजने में देरी। नई व्यवस्था के तहत ऊर्जा मित्र उपभोक्ता का मीटर रीडिंग कैमरे से फोटो खींच कर करेंगे। उनके पास ऐसी मशीन होगी जिससे तत्काल बिल भी निकल जाएगा। इसके बाद उपभोक्ता को तुरन्त बिल थमा दी जाएगी। इससे उपभोक्ता के पास बिल जमा करने का पर्याप्त समय रहेगा। वर्तमान में बिल आने में देरी के चलते कई उपभोक्ता समय पर जमा नहीं कर पाते हैं संताल परगना के विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक धनेश झा ने बताया की नई व्यवस्था के तहत ऊर्जा मित्र कैमरे से मीटर रीडिंग कर उपभोक्ताओं को बिल तत्काल हस्तगत कर देंगे। इससे उपभोक्ताओं को काफी सुविधा होगी। वह समय पर बिल का भुगतान कर सकेंगे। इससे बिल में त्रुटि भी नहीं होगी। यह व्यवस्था नए वर्ष से शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *