रांची । प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने सत्तारूढ़ भाजपा की सरकार को ड्रामेबाज बताया है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखण्ड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि इस राज्य में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जेरॉक्स सरकार है। राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल के दौरान सीएम के भावुक होने पर सोरेन ने कहा कि जैसे-जैसे पीएम करते हैं, उसी तरह यहां के भी सीएम का आचरण होता है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह एक ड्रामेबाज की पार्टी है। इन्हें बहुत अच्छे से आता है की लोगों को कैसे लुभाया जाए। दरअसल, इनके पास अब कुछ बचा ही नहीं है जिसे लेकर ये लोगों के बीच जाएं इसलिए ऐसा बरताव कर रहे हैं। सोरेन ने कहा कि राज्य में नौकरशाह हावी हो गए हैं। सही मायने में वही सरकार चला रहा हैं। सोरेन ने कहा कि राज्य नौकरशाहों के हाथ में है। पिछले राज्यसभा चुनाव के दौरान एक बड़े पुलिस अधिकारी की भूमिका से स्पष्ट है कि सरकार कैसे काम कर रही है। राज्य सरकार द्वारा सीएनटी-एसपीटी एक्ट में सरलीकरण को लेकर उठाये गए कदम के खिलाफ झामुमो ने पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन की तरफ एक अपील जारी की है। जिसमें एक महासंग्राम का एलान करते हुए कहा गया है कि राज्य के आदिवासी और मूलवासी संकट के दौर से गुजर रहा है। साथ ही राज्य सरकार की स्थानीय नीति का भी विरोध किया गया है। इसके लिए आदिवासी और मूलवासी समाज को एकजुट होने की अपील की गयी है। साथ ही सरकरी नौकरियों में आदिवासियों के लिए 28 प्रतिशत और पिछड़ी जातियों के लिए 27 प्रतिशत रिजर्वेशन की मांग की गयी है।
ड्रामेबाज है भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री के आंसू पर झामुमो का वार








