रांची: झारखंड आदिवासी महोत्सव के दौरान कृषि मंत्री नेहा तिर्की ने जादोपटिया पेंटिंग का लोकार्पण किया। इस पारंपरिक चित्रकला शैली को हाल ही में जी-आई टैग प्राप्त हुआ है। लोकार्पण समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित जतरा टाना भगत चित्रांकन प्रशाल में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर के 21 वरिष्ठ कलाकारों ने भाग लिया।
जादोपटिया चित्रकला की प्रतिष्ठित चित्रकार और आदिवासी चित्रकला अकादमी, दुमका की सचिव डॉ. नीलम नीरद द्वारा तैयार कैनवास पेंटिंग का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर चित्रकार अर्पिता राज नीरद, निताई चित्रकार सहित कई कलाकार मौजूद रहे। मंत्री नेहा तिर्की ने कहा कि जी-आई टैग झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. नीलम नीरद ने बताया कि यह कला 1990 के आसपास लगभग विलुप्त हो चुकी थी। आदिवासी चित्रकला अकादमी की स्थापना के बाद इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार का कार्य शुरू हुआ। 1995 में बिहार सरकार और बाद में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों से मान्यता मिलने के बाद अब इसे जी-आई टैग प्राप्त हुआ है। यह जनजातीय कला और कलाकारों के लिए बड़ा सम्मान है।








