दुमका: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बुधवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है।
5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके साथ ही 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अवधि में पात्र नागरिक नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों—शिकारीपाड़ा, दुमका, जामा और जरमुंडी—में कुल 1,117 बीएलओ के माध्यम से 9,88,228 मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं। इनमें से 34.34 प्रतिशत का आधार पर सत्यापन हुआ है, जबकि 48.76 प्रतिशत का सत्यापन वंशज आधार पर किया गया है।
विशेष पुनरीक्षण के दौरान 1,29,649 गणना प्रपत्र असंग्रहणीय पाए गए हैं, जिनमें मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित अथवा पूर्व से नामांकित मतदाता शामिल हैं। उपायुक्त ने बताया कि यदि किसी मतदाता को सूची में त्रुटि या विसंगति दिखाई देती है, तो वह 4 सितंबर तक दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
आगामी कार्यक्रमों के तहत 8-9 अगस्त को विशेष शिविर, 15 अगस्त को ग्राम सभाएं, 22-23 अगस्त को पुनः शिविर और 25 अगस्त से 4 सितंबर तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक घर पर “एक परिवार–एक साथ” स्टिकर लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रकाशित प्रारूप सूची का अवलोकन कर अपने एवं परिवार के नाम का सत्यापन अवश्य करें और आवश्यक संशोधन समय पर दर्ज कराएं।








