दुमका : पोखरा चौक से भोगनाडीह के लिए सोमवार को हूल पदयात्रा को रवाना किया गया। सिदो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोरंजन प्रसाद सिन्हा ने सभी सदस्यों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी में हूल का महत्वपूर्ण योगदान है। इसे भुलाया नहीं जा सकता है। आज के दिन ही नहीं बल्कि इन शहीदों को रोज याद किया जाना चाहिए। ये सभी के लिए लड़े, इसलिए हर व्यक्ति का फर्ज है कि उन्हें रोज याद करें। उनके कार्यो से सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत है।

भोगनाडीह के लिए हूल पदयात्रा रवाना के पूर्व पोखरा चौक में गोटा भारोत सिदो-कान्हु हूल बैसी, प्रेम संस्था, ग्रामीण जनजाति विकास सोसाइटी व अनुसूचित जनजाति सुरक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पदयात्रा शुभारंभ समारोह आयोजित कर सिदो-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने कहा कि सिदो-कान्हु का बलिदान बेकार नहीं गया। आज समाज के सभी वर्ग उनके कार्यो से सुखी हैं। अगर वो भी हमारे जैसा अपना-पराया, भाई-भतीजावाद सोचते तो आज क्या होता? सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह ने कहा कि देश की आजादी में सिदो-कान्हु का बहुत बड़ा योगदान था।

नगर परिषद अध्यक्ष अमिता रक्षित ने कहा कि आनेवाली युवा पीढ़ी को इनके विचारों से अवगत कराने की जरूरत है। हूल बैसी के सचिव व समारोह के संचालनकर्ता सुलेमान मरांडी ने कहा कि पदयात्रा 29 जून की शाम को भोगनाडीह पहुंच जाएगी और दूसरे दिन हूल दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में भाग लेगी। पदयात्रा में करीब 100 लोग शामिल हैं। यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच सिदो व कान्हु की बातों से लोगो को परिचित कराना है। लोगों को जागरूक करना है।
समारोह को एएसपी अभियान इमानुएल बास्की, बंगाल से आए प्रतिनिधि मंडल के सदस्य, पूर्व प्रतिकुलपति डॉ. प्रमोदिनी हांसदा, विजय टुडू आदि ने संबोधित किया। समारोह में डॉ. एएम सोरेन, डॉ. सुशील टुडू, उमाशंकर चौबे, प्रो. अंजुला मुर्मू, फादर सोलोमन, मार्था हांसदा, मेरी नीला मंराडी, इग्नेशियस मरांडी, डॉ. रंजीत कुमार सिह, दीप नारायण साह आदि शामिल थे। पदयात्रा का नेतृत्व डॉ. सुशील मरांडी, डॉ. एएम सोरेन, ईजे सोरेन, पीके हेम्ब्रम व डॉ. लुसू हेंब्रम ने किया। कार्यक्रम में लिटिल एंजल स्कूल की छात्र-छात्राओं ने संगीत प्रस्तुत किया व संज जोसेफ उच्च विद्यालय गुहियाजोरी के छात्रों ने नृत्य प्रस्तुत किया।








