दुमका : साइबर अपराधियों ने सेवानिवृत्त बिहार मिलिट्री पुलिस जवान के बैंक खाते से 19 लाख रुपये निकाल लिए। भुक्तभोगी हरिनारायण दास सदर प्रखंड के राजबांध गांव निवासी हैं। पिछले साल नवंबर में बिहार के कटिहार से वे सेवानिवृत्त हुए। साइबर पुलिस उपाधीक्षक को आवेदन देकर उन्होंने न्याय की गुहार लगाई। दुमका जिले में साइबर अपराधियों ने पहली बार किसी के खाते से इतनी बड़ी उड़ाई है।
हरिनारायण ने पुलिस को बताया कि रिटायर होने के बाद उन्हें 20 लाख रुपया मिले थे। यह रकम एसबीआइ कटिहार की शाखा में जमा थी। इसी माह मोबाइल पर किसी अनजान का फोन आया और कहा कि वह बैंक मैनेजर बोल रहा है। जल्दी से अपने एटीएम कार्ड का पिन कोड और सोलह नंबर की संख्या बताओ। देरी की तो एटीएम कार्ड को बंद कर दिया जाएगा। उस समय मैं बीमार था। झांसे में आकर उन्होंने फोन करनेवाले को सारी जानकारी दे दी। तबीयत ठीक होने पर 21 नवंबर को उन्होंने एटीएम से दो हजार रुपये निकाले तो पता चला कि खाते से 19 लाख रुपये गायब हैं।
साइबर डीएसपी श्रीराम समद ने सारी जानकारी लेने के बाद बैंक की पासबुक मांगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराने के बाद ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








