दुमका। उपराजधानी दुमका में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष व दुमका के सांसद शिबू सोरेन ने शुक्रवार की शाम गांधी मैदान पहुंचे और परंपरागत तरीके से 39वां झारखंड दिवस का ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मैदान में 39 ध्वज गाड़े गये थे। ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसद विजय हांसदा, विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, साइमन मरांडी, नलिन सोरेन, सीता सोरेन, रवींद्रनाथ महतो, पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम, हाजी हुसैन अंसारी, पूर्व विधायक शशांक शेखर भोक्ता, झामुमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष महुआ माजी, अकील अख्तर, सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह, सुभाष कुमार सिंह, जिप अध्यक्ष जॉयस बेसरा,उपाध्यक्ष असीम मंडल, नगर अध्यक्ष रवि यादव, प्रीतम साह, सुशील दुबे,मनीष मयंक ,रमेश कुमार,कुणाल कुमार,साकेत कुमार समेत कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस मौके पर यहां बनाये गये शहीद वेदी पर श्रद्धासुमन भी अíपत किया गया। दिवंगत नेता स्व. दुर्गा सोरेन एवं स्व. डॉ. अनिल मुर्मू को श्रद्धांजलि दी गयी। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह ने किया। इससे पूर्व एसपी कॉलेज मैदान से जुलूस के शक्ल में झामुमो के कार्यकर्ता सिदो-कान्हु चौक होते हुए टीन बाजार के रास्ते गांधी मैदान पहुंचे। जुलूस में पार्टी नेता हेमंत सोरेन, विधायक नलिन सोरेन, रवींद्रनाथ महतो, केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष रवि याद समेत हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक शामिल थे।39वां झारखंड दिवस पर गांधी मैदान को काफी आकर्षक व भव्य तरीके से सजाया गया था। पूरा मैदान हरे रंग के पताके से अटा पड़ा था। गांव-गांव से आए ग्रामीणों की सुविधा के लिए पेयजल, व रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की गयी थी। ठंड से बचने के लिए अलाव की भी व्यवस्था की गयी थी। जिसका आनंद कार्यकर्ता ने लिया।










