
दुमका। पाकुड़ में एसडीपीओ रहते हुए दुमका को करीब से जानता हूं। जिला बड़ा है। अभी कुछ समय इसे समझने में लगेगा। अपराध पर नियंत्रण और यातायात को व्यवस्थित करना प्राथमिकता होगी। पब्लिक के करीब जाने का प्रयास किया जाएगा। उक्त बातें जिले के नए एसपी किशोर कौशल ने गुरुवार को मयूर पटेल कन्हैयालाल से पदभार लेने के बाद कही। उन्होंने कहा कि जिले में विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। कोशिश होगी कि जनता और पुलिस में बेहतर समन्वय स्थापित हो। लोग बिना किसी झिझक के थाने में जाकर अपनी बात रख सकें। कहा कि नक्सलवाद पर अंकुश लगाने में काफी सफलता मिली है। अभियान चलाकर इसके खात्मे का प्रयास किया जा रहा है। पाकुड़ और दुमका में एक ही ग्रुप काम करता है। इस ग्रुप को समाप्त करने के लिए कार्रवाई चलती रहेगी। कहा कि शहर में पार्किंग स्थल के अभाव में यातायात की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ता है। ऑटो भी परेशानी का कारण है। इनके लिए पहले से ही रूट तैयार है। प्रयास किया जाएगा कि ऑटो का परिचालन निर्धारित रूट पर हो ताकि किसी को इनकी वजह से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। शहर में चोरी, बाइक चोरी, छिनतई जैसी घटनाओं की जानकारी मिलती रहती है। इस पर अंकुश लगाने का प्रयास होगा। सीसीटीवी को एक्टिव किया जाएगा। वहीं निवर्तमान एसपी मयूर पटेल ने कहा कि दुमका में एक साल के कार्यकाल में लोगों का भरपूर सहयोग मिला। लोगों के स्नेह की वजह से जब भी मौका मिलेगा तो आने का प्रयास जरूर रहेगा।








