दुमका : रानीश्वर प्रखंड कार्यालय के परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी के साथ जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान आमजनों की विभिन्न समस्याओं का निपटारा ऑन द स्पॉट भी किया गया।खासकर वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, शौचालय योजना के लाभुकों के आवेदन का त्वरित निष्पादन किया गया।मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार समस्याओं को जानने एवं उसको जल्द से जल्द दूर करने के लिए ही आपके द्वार पर आई है। यह सरकार आपकी है और सरकार आपके प्रति संवेदनशील है। एक-एक ग्रामीण की समस्या जानकर उसे दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्याएं बहुत हैं इसलिए जादू की छड़ी की तरह तो नहीं लेकिन धीरे-धीरे ही इसे दूर किया जा सकता है। कहा कि सबसे पहले वैसे लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना द्वारा घर दिया जाएगा जो अभी बेघर हैं या एक कमरे के मकान में रहते हैं। इससे पूर्व समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। उन्होंने लाभुकों के बीच मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, पट्टा नियमितीकरण के अंतर्गत नियमितीकरण पट्टा, लाभुकों के बीच मच्छरदानी, ट्राय साईकिल वितरित किया गया। पीएमजी दिशा के अंतर्गत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किया। आइटीडीए निदेशक शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे। मंत्री ने कहा अगर कोई बिचौलिया तंग करता है या योजनाओं का लाभ लेने में बाधाएं उत्पन्न करता है तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें। कहा कि आप के हक को कोई नहीं छीन सकता। योजना आपकी है और योजना का लाभ आपको अवश्य मिलेगा। जागरूक बने तथा समाज को जागरूक करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं को त्वरित गति से सुलझाने का कार्य करें।उप विकास आयुक्त शशि रंजन ने कहा कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से ही आपके द्वार पर आए हैं। सरकारी योजनाओं की जानकारी जरूर लें। आपके लिए ही यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए हैं। सरकार द्वारा लोगों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ जब तक आपको नहीं मिलेगा सरकार का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। सरकार का लक्ष्य 2019 तक सबको आवास उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुमका जिला में 35000 आवास बनाए जा रहे हैं। घर बनाने वालों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली और अन्य सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सारे भुगतान ऑनलाइन किए जा रहे हैं ताकि बिचौलिया आपके हक को नहीं छीन सके। सखी मंडल में जोड़कर महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य किसानों की आय को दोगुना करना है। इस पर भी कार्य किया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से पेंशन दी जा रही है। अपील की कि बच्चों को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र जरूर भेजें। उन्होंने मुखिया तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 14वें वित्त आयोग से चापाकलों की मरम्मत कराएं ताकि गर्मी के समय लोगों को पेयजल की परेशानी न हो।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि दूरदराज में सरकार लोगों की समस्याओं को जानने पहुंच रही है। स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि यहां मेडिकल कैंप भी लगाया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि आपकी समस्याओं को दूर करने के लिए ही यह आयोजन किया गया है। प्रशासन और समाज के बीच समन्वय बनाकर ही विकास किया जा सकता है।
इससे पूर्व मंत्री ने कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। उन्होंने लाभुकों के बीच मुख्यमंत्री लक्ष्मी लाडली योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, पट्टा नियमितीकरण के अंतर्गत नियमितीकरण पट्टा, लाभुकों के बीच मच्छरदानी, ट्राय साईकिल वितरित किया गया। पीएमजी दिशा के अंतर्गत कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किया। आइटीडीए निदेशक शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी आदि मोजूद थे।








