दुमका । उपराजधानी में नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत में एक दो छोटी घटनाओं के बाद मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। नगर में 58 और बासुकीनाथ में 76.69 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अभी शहर के दो चार केंद्र से रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। इस कारण मतदान का फीसद कुछ बढ़ सकता है।
यह बात उपायुक्त मुकेश कुमार और एसपी किशोर कौशल ने सोमवार को मतदान के बाद सूचना भवन में कही। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन कार्यालय और पुलिस की कड़ी चौकसी के बाद जिला प्रशासन शांति पूर्वक निकाय चुनाव कराने में सफल रहा। इस बार करीब तीन हजार मतदाता बढ़े और युवाओं की संख्या में इजाफा हुआ। अभी शहर के तीन या चार मतदान केंद्रों की रिपोर्ट नहीं आई है। पांच बजने से पहले वहां पर मतदाताओं की लाइन लगी थी। जितने भी परिसर में मतदाता हैं, वे अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस कारण मतदान का फीसद कुछ बढ़ सकता है। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार शहर में वोट का फीसद नहीं बढ़ा है।
बासुकीनाथ में करीब डेढ़ फीसद की वृद्धि हुई है। कुछ जगह से मारपीट की बात सामने आई है। उसकी जांच करायी जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। अग्रसेन भवन में हंगामा की सूचना वाट्सएप पर मिली थी। जांच के बाद ऐसा कुछ नहीं मिला। स्वयं जाकर जायजा लिया। कहा कि 20 को जिला स्कूल में वोटों की गिनती होगी। स्कूल को 20 तारीख तक के लिए सील कर दिया गया है। पदाधिकारी की निगरानी में ईवीएम को रिसीव कर सुरक्षित रखा जा रहा है। एसपी किशोर कौशल ने कहा कि मतदान में किसी प्रकार का खलल नही पड़ा। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी अरबी खातून के साथ उनके वार्ड के एक सदस्य ने मारपीट की है। प्रत्याशी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी विद्या भूषण, डीडीसी शशि रंजन व डीपीआरओ सैयद राशिद अख्तर मौजूद थे।








