Home / News / धान काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट,आठ घायल

धान काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट,आठ घायल

दुमका: झारखण्ड की उपराजधानी दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र में धान काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना रविवार को लकड़बांक गांव के धोनी टोला और पहाड़ टोला के दो पक्षों के बीच घटी। जानकारी के अनुसार द्वितीय पक्ष के लकड़बांक गांव के पहाड़ टोला निवासी बाबुलाल बेसरा के परिजन धान काटने अपने खेत गये थे। जहां मौजूद प्रथम पक्ष के धौनी टोला निवासी खुदु मरांडी ने ये कहकर उनलोगों को मना कर दिया कि ये खेत मेरा हैं और धान भी हमलोगों के द्वारा लगया गया है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगा। बाद में बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष के लोग अपने अपने घरों से लाठी डंडे एवं धारधार हथियार लेकर एक दूसरे से भिड़ गये। जिसमें प्रथम पक्ष के मकलु टुडु, शांति सोरेन, सुनीता टुडू, मिशर मरांडी, सुकरमुनी हेम्ब्रम, देवीलाल मरांडी एवं 19 वर्षीय छोटा दीवान मरांडी सहित सात लोग घायल हो गये। वहीं दूसरे पक्ष के श्यामलाल बेसरा घायल हो गये। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने हंसडीहा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा को दी। सूचना मिलते ही हंसडीहा, सरैयाहाट, रामगढ़ थाना की पुलिस बल भारी संख्या में घटना स्थल पर पहुंची। जहां माहौल को बिगड़ता देख हंसडीहा थाना प्रभारी ने दुमका एवं जरमुंडी से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया। साथ ही पुलिस के द्वारा सभी घायलों को ईलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया गया। जहां चिकित्सको ने सुनीता टुडू और छोटा दिवान मरांडी की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सरैयाहाट बीडीओ दयानंद कुमार जायसवाल भी घटना स्थल पर पहुंच माहौल को शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक इस पूरे मामले में दोनों पक्षों में से किसी भी पक्ष से प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *