Home / News / राम मंदिर का समाधान कांग्रेस निकाल सकती थी-प्रधानमंत्री

राम मंदिर का समाधान कांग्रेस निकाल सकती थी-प्रधानमंत्री

विपक्ष देख ले हवा का रुख किधर का है, जनता प्रधानमंत्री को 65 प्लस सीट सुपुर्द करेगी-रघुवर दास

मेदिनीनगर/चियांकी:झारखंड युवा अवस्था में खड़ा है। जिस तरह परिवार के बच्चे जब 15-20 वर्ष के होते हैं तो उन्हें सही दिशा देने की जरूरत होती है। यही बात झारखंड पर भी लागू होता है। विगत 5 वर्ष में डबल इंजन की सरकार ने झारखंड को जो दिशा देने का प्रयास किया है, उसे बनाए रखने की जरूरत है। हम पांच सूत्र के साथ काम कर रहें हैं। स्थिरता, सुशासन, समृद्धि, सम्मान, सुरक्षा। यह झारखंड के इतिहास में पहली बार हुआ कि 5 वर्ष तक एक ही मुख्यमंत्री रहा। जबकि आपने ऐसी भी सरकारें देखी है जो पिछले दरवाजे से बन और बिगड़ जाती थी। वहां स्वार्थ की राजनीति थी। सत्ता की भूख थी। यहां की संपदा को लूटना था। यही लोग फिर एक बार आपको भ्रमित कर रहे हैं। उनकी नजर झारखंड के जमीन के अंदर मौजूद संपदा पर है। 2014 से पहले भ्रष्टाचार, अस्थिरता, नक्सलवाद चरम पर था। शाम ढलने के बाद पलामू का जीवन थम जाता था। लेकिन 2014 के बाद स्थिति करीब-करीब सामान्य हो रही है। पलामू में बड़ा बदलाव आया है। हमने स्थिर व पारदर्शी सरकार दी है। समृद्धि का मार्ग खोला है। हर व्यक्ति को सम्मान देने व भयमुक्त वातावरण के लिए प्रयास किया है। भाजपा अपने वादों को जमीन पर उतार रहा है। कांग्रेस और उसके साथी रेवड़ी बांटना चाहते हैं। *उनके पास समस्याएं हैं भाजपा के पास समाधान है। उनके पास आरोप है हमारे भाजपा के पास रिपोर्ट है। उनके पास कोरी घोषणा है हमारे पास विकास का प्रमाण है।* ये बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही। प्रधानमंत्री पलामू के मेदनीनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 को लेकर यह उनकी पहली सभा थी।

पिछड़ों के लिए आयोग नाम मात्र का था

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है उसे सिद्ध करती है। सामाजिक न्याय बीजेपी की प्राथमिकताओं में है। आजादी के पांच दशक तक पिछड़ों के लिए आयोग नाम मात्र का रहा। संवैधानिक दर्जा देने की पहल नहीं हुई। जब आरजेडी के सहयोग से कांग्रेस की केंद्र में सरकार थी। भाजपा की सरकार ने संवैधानिक मान्यता दी। साथ गरीब सवर्णों के लिए 10% आरक्षण देने का काम किया। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र के साथ काम करती है।

राम मंदिर का समाधान कांग्रेस निकाल सकती थी

प्रधानमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि का विवाद वर्षों रहा। कांग्रेस चाहती तो इसका समाधान निकाल सकती थी। लेकिन उसे वोट बैंक की परवाह थी, इससे समाज को नुकसान हुआ। दरारें बनी दीवारें खड़ी हुई। लेकिन भाजपा ने जो वादा किया था उसे पूरा किया। राम मंदिर का हल निकला। एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को पूरा करने का काम भाजपा कर रही है। एकता के मंत्र को साथ लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। जम्मू कश्मीर में लागू धारा 370 मामले को भी कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों ने लटका कर रखा, इससे अनेक जवानों को बलिदान देना पड़ा। झारखंड की मांओं को भी अपना सपूत खोना पड़ा। इसके जिम्मेवार कांग्रेस और उसकी सहयोगी दल हैं।

पलामू भाजपा के लिए मजबूत किला रहा है

पलामू का जनजातीय समाज, पिछड़ा समाज, कारोबारी व अन्य प्रबुद्ध जन हमेशा से ही कमल निशान के साथ खड़ा रहा है। 80 के दशक में जब भाजपा का जनाधार व्यापक नहीं था। तब कांग्रेस मजाक उड़ाया करता था। तब भी यहां की जनता भाजपा के साथ रहे। पलामू भाजपा के लिए मजबूत किला रहा है। पूरे भारत में अगर कमल खिला है, तो पलामू का बड़ा योगदान है। आपका अपनापन, प्रेम मेरी ऊर्जा का स्रोत है। यही मुझे प्रेरित करता है, और मैं खींचा झारखंड चला आता हूं। झारखंड की पुरानी समस्याओं का समाधान दिल्ली और रांची की सरकार मिलकर कर सकती है। 30 नवंबर को सभी एक ही बात याद रखना है और वह है कमल का फूल। *राजा मेदनी राय जिस प्रकार प्रजा हित का शासन चलाया था वैसा ही शासन राज्य और अपने प्रमंडल को दें। आपने ऐसी भी सरकार देखी है, जहां सरकारों के पीछे चक्कर लगाना पड़ता था। आज सरकार आपके पास आती है। तकनीक के माध्यम से भी हम आप तक पहुंच रहे हैं।

पलामू प्रमंडल में जल्द तैयार होगा स्टील प्लांट

प्रधानमंत्री ने बताया कि पलामू प्रमंडल में जल्द स्टील प्लांट तैयार होने वाला है। यहां के बॉक्साइट का एक बड़ा हिस्सा यही के विकास में लगे इसका प्रावधान बीजेपी की सरकार ने किया। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड के तहत 5 हजार करोड़ रुपए आदिवासियों के कार्य हेतु मिला है। वन अधिकार पट्टा के लिए एक लाख से अधिक क्लेम किए गए थे, जिनमें से 60 हजार मामलों का निपटारा हो चुका है।

दिल्ली और रांची की सरकार से मिला डबल फायदा

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से लाभ होता है। आज छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बंगाल में एक पार्टी की सरकार नहीं होने की वजह से किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। उन्हें लगता है कि अगर इस योजना का लाभ किसानों को दिया तो मोदी का नाम होगा। मैं कहता हूं मत लो मोदी का नाम। कम से कम किसानों को उनका हक तो दो। दूसरी ओर आप देखें झारखंड में जहां आपको पीएम किसान योजना का लाभ मिल रहा है। वही मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के जरिए भी आपको मदद पहुंचाई जा रही है। इस योजना से 5 एकड़ तक के भूमि वाले किसानों को 25 हजार रुपए प्राप्त हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत यहां की बड़ी आबादी को जोड़ा गया। करीब पौने दो लाख लोगों को इसका लाभ मिला है। उज्वला योजना से झारखंड के 33 लाख परिवार लाभान्वित हुए। डबल इंजन सरकार का ही प्रतिफल है कि आप को चूल्हा व दूसरा रिफिल भी मुफ्त प्रदान किया गया।

किसी को बेघर नहीं रहने देंगे

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 में जब हम आजादी का 75 वां वर्षगांठ मनाएंगे उस समय तक सभी जरूरतमंदों को पक्का मकान देने का लक्ष्य निर्धारित है।

कांग्रेस समस्याओं को टालती रही वह वोट बटोरती रही

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर कोयल परियोजना 42 साल से अटकी हुई थी। इसके लिए गंभीर कोशिश नहीं हुई। जबकि इसे पूरा किया जा सकता था। *कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को इस बात की चिंता कतई नहीं थी कि किसान की गरिमा क्या होती है।* भाजपा की सरकार बनी तो इसका समाधान हुआ। काम की शुरुआत हुई। भाजपा की सरकार के पुनः वापसी के साथ मंडल डैम निर्माण कार्य को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। कांग्रेस की तरह समस्याओं को डालते रहना व वोट बटोरना भाजपा का कभी मकसद नहीं रहता है।

65 प्लस सीट प्रधानमंत्री को सुपुर्द करें
इस मौके पर रघुवर दास ने कहा कि 5 वर्ष तक हमने स्थिर और बेदाग सरकार दी है। मिलावटी सरकार ने भ्रष्टाचार किया। हमने ईमानदार सरकार देकर अपनी कार्य संस्कृति प्रस्तुत की है। आज विपक्ष भी देख ले हवा का रुख किधर है। आप सभी झारखंड वासियों से अनुरोध है कि आप 65 प्लस सीट प्रधानमंत्री को सुपुर्द कर विकास की राह पर निकल चुके झारखण्ड को और गति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *