Home / News / क्या शिबू सोरेन बन पाएंगे झामुमो कोटे से राज्यसभा उम्मीदवार

क्या शिबू सोरेन बन पाएंगे झामुमो कोटे से राज्यसभा उम्मीदवार

रांची : झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष व दुमका से पूर्व सांसद शिबू सोरेन को पार्टी राज्यसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार बना सकती है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मांग है कि शिबू सोरेन को राज्यसभा भेजा जाये. इसका प्रस्ताव तैयार कर शीर्ष नेताओं को भेज दिया गया है.  एक-दो दिनों के अंदर पार्टी की ओर से इसकी अाधिकारिक घोषणा की जा सकती है. श्री सोरेन दुमका से पिछला लोकसभा चुनाव हार गये थे. झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होना है. भाजपा समर्थित निर्दलीय सांसद परिमल नथवाणी व राजद सांसद प्रेमचंद्र गुप्ता का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है. वर्तमान विधानसभा की दलीय स्थिति के तहत महागठबंधन की एक सीट पर जीत तय है. राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए फर्स्ट प्रिफरेंस में 28 विधायकों की जरूरत पड़ेगी. हेमंत सोरेन की ओर से दुमका सीट छोड़े जाने पर वर्तमान में झामुमो विधायकों की संख्या 29 है.जानकारी के अनुसार दूसरी सीट पर जीत दर्ज करने को लेकर भी महागठबंधन की ओर से कवायद जारी है. दूसरी सीट जीतने के लिए 27 विधायकों की जरूरत पड़ेगी. इधर भाजपा की ओर से एक सीट पर उम्मीदवार खड़ा किया जा सकता है. बाबूलाल मरांडी के भाजपा में आने के बाद पार्टी में विधायकों की संख्या बढ़ कर 26 हो गयी है. ऐसे में भाजपा को दूसरी सीट पर जीत दर्ज करने को लेकर एक विधायक की जरूरत पड़ेगी. अब देखना है आगे क्या होता है .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *