
गिरफ्तारी नही हुई तो भाजपा के कार्यकर्ता न्याय की मांग को लेकर उपवास पर बैठेंगे
दुमका :जिस सिदो कान्हू, चांद भैरव और फूलो झानो ने देश-राज्य और झारखंडी अस्मिता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया था, आज उन्ही वीर-वीरांगनाओं के छठी पीढ़ी के वंशज रामेश्वर मुर्मू के हत्यारों की गिरफ्तारी झारखंड सरकार की सुस्ती, अक्षमता की वजह से नही हो पा रही है। जब महान विभूतियों के परिजनों को ही यह सरकार सुरक्षित नही रख पा रही और हत्या के बाद उसकी गुत्थी सुलझाने की कोशिश नही कर रही, तो आम जन की सुरक्षा की परिकल्पना इस वक्त कैसे की जा सकती है। इस घटना के चश्मदीद और आये बयान तथा अपराध को अंजाम देने वाले के नाम से प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र की घटना होने के बाद उनकी चुप्पी और अब तक किसी भी तरह की संवेदना न प्रकट किया जाना, शोक संतप्त परिवार की सुधि न लेना दुःखद है। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटना की जानकारी ली है। पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी ने रामेश्वर मुर्मू के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की है। पार्टी मामले की उच्चस्तरीय जांच, हत्यारे की गिरफ्तारी तथा शहीद के वंशजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करती है। अगर 24 घण्टे के अंदर इस मामले में सरकार और पुलिस की सक्रियता नही दिखी और गिरफ्तारी नही हुई, तो भाजपा के कार्यकर्ता न्याय की मांग को लेकर उपवास पर बैठेंगे।








