
दुमका : उपराजधानी में डीआइजी के आदेश पर शुक्रवार की सुबह एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी ने नगर थाना क्षेत्र के गिलानपाड़ा में व्यवसायी अशोक गोयल व सुनील पटवारी के घर के बाहर खड़े नशीले गुड़ से भरे दो ट्रक जब्त किया। इसकी लिखित शिकायत दोनों व्यवसायी के मोहल्ले के रहने वाले कृष्णा प्रसाद साह ने डीआईजी से की थी। जिसके बाद डीआईजी के आदेश पर शुक्रवार को एसडीपीओ ने छापामारी कर ट्रक को जब्त कर नगर थाना की पुलिस को सौंप दिया। जिसके बाद गुड़ की जांच करने का निर्देश फूड इंस्पेक्टर धनेश्वर प्रसाद हेम्ब्रम को दिया गया है। फूड इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।शिकायतकर्ता कृष्णा प्रसाद साह ने डीआइजी एनके सिंह को आवेदन देकर बताया था कि उनके घर के बगल में रहने वाले दोनों व्यापारी बीते 30 साल से नशीला गुड़ बेचते हैं। इस गुड़ का उपयोग देशी शराब बनाने में किया जाता है। रोज ट्रकों से गुड़ की टीन उतरते हैं। जमीन पर गिरने वाला गुड़ खाकर मवेशी बीमार पड़ने के बाद मर जाते हैं। गांव के लोग दारू बनाने के लिए गुड़ खरीदते हैं। रोक के बाद ही दोनों मिलीभगत से उत्तरप्रदेश के बरेली से गुड़ मंगवाते हैं। आवेदन के आधार पर एसडीपीओ ने छापेमारी की तो घर के बाहर दो ट्रक खड़े मिले। दोनों में गुड़ भरा हुआ था। व्यापारी अशोक गोयल ने एसडीपीओ को बताया कि यह गुड़ नशीला नहीं है और मवेशी को खिलाया जाता है। एसडीपीओ ने जांच के बाद दोनों ट्रक को जब्त कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एसडीपीओ ने नशीले गुड़ से भरे दो ट्रक किया जब्त








