Home / News / अभिनेत्री तापसी पन्नू, रांची के मोरहाबादी स्‍टेडियम में फिल्‍म रश्मि रॉकेट की करेंगी शूटिंग

अभिनेत्री तापसी पन्नू, रांची के मोरहाबादी स्‍टेडियम में फिल्‍म रश्मि रॉकेट की करेंगी शूटिंग


मोरहाबादी स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ेंगी तापसी

रांची: झारखण्ड की राजधानी रांची अब बॉलीवुड के निर्माता व निर्देशकों के लिए पंसदीदा शूटिंग स्पॉट बनता जा रहा है। धौनी द अनटोल्ड स्टोरी के बाद अब रश्मि रॉकेट फिल्‍म की शूटिंग रांची में होने जा रही है। चर्चित अभिनेत्री तापसी पन्नू की फिल्म रश्मि रॉकेट की शूटिंग शुक्रवार 18 दिसंबर से मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में की जाएगी। शूटिंग एक सप्ताह तक चलेगी। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। शूटिंग के लिए स्‍टेडियम को सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस फिल्म में तापसी एक एथलीट की भूमिका में हैं और वह ट्रैक पर दौड़ती नजर आएंगी।
मोरहाबादी स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर तापसी दौड़ेंगी। फिल्म में तापसी एक ऐसी महिला खिलाड़ी का रोल निभा रही हैं जो बेहद गरीबी के बावजूद इंटरनेशनल लेवल की एथलीट बनती हैं। शूटिंग 26 दिसंबर तक चलेगी। यूनिट के लोगों का रांची आना शुरू हो गया है। बताया गया है कि स्टेडियम के अलावा रांची के कुछ अन्य इलाकों में इसकी शूटिंग होनी है। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धौनी की बायोपिक के लिए सुशांत सिंह राजपूत ने भी रांची के विभिन्न मैदानों में शूटिंग की थी।

रश्मि रॉकेट एक ऐसे एथलीट की कहानी है जो गरीबी व कठिनाइयों को पछाड़ अपनी पहचान बनाती है। इस फिल्म के लिए तापसी ने काफी मेहनत की है। वह जिम में घंटों पसीना बहाती और ट्रैक पर दौड़ती नजर आई हैं। इस फिल्म के लिए उन्‍होंने अपने आप को पूरी तरह से एक एथलीट की तरह ढाल लिया है। वह इस फिल्म की तैयारी में जी जान से लगी हुई हैं। वैसे भी तापसी वैसी फिल्मों में ज्यादा नजर आती हैं जिसमें कुछ करने को होता है। वह मात्र शो पिस बनकर नहीं रहना चाहती हैं। पिंक, मुल्क, थप्पड़ में उनके अभिनय का जादू सर चढ़ कर बोला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *