Home / News / नक्सलियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार,गोला बारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद

नक्सलियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार,गोला बारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद

दुमका पुलिस को मिली बड़ी सफलता

एक मेड इन यूएसए कोल्ट एआर 15 रायफल भी बरामद

दुमका :गिरीडीह से गिरफ्तार किए गए दस-दस लाख के दो इनामी नक्सली प्रशांत झा उर्फ छुटका मांझी उर्फ़ सूरज दा(गिरीडीह)एवं सुधीर दा उर्फ़ सुलेमान किस्कू शिकारीपाड़ा (दुमका) की निशानदेही पर दुमका पुलिस एवं एसएसबी द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाकर शिकारीपाड़ा,काठीकुंड एवं मसलिया से भारी मात्रा में हथियार,गोला बारूद एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गई हैं. अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) एवं एसएसबी 35 बटालियन के कमांडेट ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार दोनों नक्सलियों ने पूछताछ में संथाल परगना में घटित नक्सली वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. वर्ष 2013 में हुई पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार एवं उनके अंगरक्षकों की हत्या में सुधीर दा शामिल रहा हैं. श्री मिश्रा ने बताया कि ताला दा उर्फ़ सहदेव राय के मरने के बाद सुधीर को संथाल परगना की कमान दी गई थी. उन्होंने बताया कि दो जून 2019 में रानीश्वर के कठलिया में हुए एनकाउंटर जिसमें एसएसबी 35 बटालियन दुमका के जवान नीरज क्षेत्री शहीद हो गए थे उस वारदात में सुधीर मुख्य भूमिका में था| दोनों ने स्वीकार किया कि दुमका पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी के कारण वे दुमका छोड़कर गिरीडीह में शरण लिए हुए थे.श्री मिश्रा ने बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक सुदर्शन मंडल के निर्देश पर गिरीडीह पुलिस, दुमका पुलिस,एसएसबी 35 बटालियन दुमका एवं सीआरपीएफ 154 बटालियन की संयुक्त टीम का गठन किया गया . सुदर्शन मंडल के निर्देश पर एसएसबी 35 बटालियन के कमांडेट एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) दुमका के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन कर दोनों नक्सलियों की निशानदेही वाली जगहों पर छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया गया. उन्होंने बताया कि सुधीर दा के विरुद्ध दुमका में 23 कांड दर्ज है जबकि प्रशांत दा के विरुद्ध 4 कांड दर्ज है.नक्सलियों की निशानदेही पर दुमका के मसलिया,काठीकुंड एवं शिकारीपाड़ा से दो इंसास रायफल,दो एसएलआर राइफल,एक .303 रायफल,एक .315 रायफल,एक कोल्ट एआर 15 रायफल,एक मैगजीन इंसास,चार मैगजीन एसएलआर,एक मैगजीन .303 ,18 मैगजीन चार्जर,50 राउंड इंसास गोली,135 राउंड एसएलआर गोली,1000 डिटोनेटर तथा 5 नियोजेल बरामद किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *