
पुलिस ने छापेमारी कर काठीकुंड से किया गिरफ्तार
दुमका:रिम्स राँची में इलाज के दौरान हथकड़ी समेत फरार दुमका कारागार के हत्यारोपी कैदी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पा ली है।इस बाबत दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर रिम्स से फरार हत्यारोपी के गिरफ्तार कर लेने की जानकारी दी। एसपी अंबर लकड़ा ने बताया कि डायन बिसाही में हत्यारोपी काठीकुंड थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर मढ़ैया को बीते वर्ष न्यायिक हिरासत में लेकर केंद्रीय कारागार दुमका जेल भेजा गया था। इस दौरान दुमका कारागार में अभियुक्त की तबीयत खराब हो जाने के कारण मेडिकल बोर्ड के अनुशंसा पर उचित इलाज के लिए रिम्स रांची ले जाया गया था जहां इलाज के दौरान बीते 5 फरवरी की रात्रि हथकड़ी में लगे रस्सी को काटकर अभियुक्त फरार हो गया था। रिम्स से भागने के बाद बरियातू थाना में इस संबंध में एक मामला दर्ज कराया गया था। साथ ही दुमका पुलिस द्वारा एसडीपीओ नूर मोहम्मद के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित कर हत्यारोपी अभियुक्त की तलाश जारी कर दी गई थी। खोजबीन के दौरान दुमका जिला के काठीकुंड थाना क्षेत्र से इस फरार हत्यारोपी को गिरफ्तार कर पुनः जेल भेज दिया गया है।








