
(झारखण्ड देखो/प्रतिनिधि)
दुमका : उपराजधानी दुमका में एक बार फिर करीब 80 लाख की अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गयी है। इन विदेशी शराबों को बिहार में खपाने की योजना थी लेकिन उत्पाद विभाग और दुमका पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुरुवार की अहले सुबह दुमका के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोटीडीह चेक पोस्ट के पास उत्पाद विभाग एवं पुलिस के संयुक्त कार्रवाई में पंजाब से एक कंटेनर और एक ट्रक में लाये जा रहे 2000 पेटी अवैध शराब बरामद किया गया। मामले में उत्तर प्रदेश के रहनेवाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया तो वहीं कंटेनर एवं ट्रक सहित 5 मोबाइल फोन एवं शराब से संबंधित फर्जी कागजात जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की अनुसंधान के साथ ही विदेशी शराब के अवैध व्यापार में शामिल बिहार, झारखण्ड, पंजाब और पश्चिम बंगाल के माफियाओं की तलाश में जुट गयी है। पुलिस अधीक्षक(एसपी)अम्बर लकड़ा ने कहा कि विदेशी शराब के इस बड़ी खेप को अवैध ढंग से बिहार में खपाने की साजिश थी।

इधर मसलिया थाना परिसर में गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) विजय कुमार ने कहा कि उत्पाद विभाग एवं पुलिस को गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। पंजाब के चंडीगढ़ से अवैध विदेशी शराब से भरे एक कंटेनर और एक ट्रक को धनबाद के रास्ते से होते हुए दुमका लाया जा रहा था जिसे दुमका और देवघर के रास्ते से बिहार भेजा जाना था। इसके लिए शराब माफियाओं ने फर्जी कागजात तैयार किया था लेकिन जब कागजातों की जजांच की गयी तो पता चला कि बरामद विदेशी शराब को अरुणाचल प्रदेश नहीं बल्कि बिहार भेजे जाने की तैयारी थी। डीएसपी विजय कुमार ने कहा कि जब्त कंटेनर और ट्रक उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है। पूरी सुनियोजित ढंग से फर्जी कागजात तैयार किया गया था लेकिन जब पुलिस की तकनीकी टीम ने पूरे कागजातों को खंगाला तो विदेशी शराब के गोरखधंधे का पूरा फर्जीवाड़ा और साजिश सामने आयी। कहा कि फिलहाल मामले में ट्रक और कंटेनर के चालक और सह चालक सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया जो सभी उत्तर प्रदेश के रहनेवाले है .जिसमें तमसीन ,आजम,मो वारिस ,फिरोज आलम ,गुलाम जिलानी शामिल है .

मामले में कुछ शराब माफियाओं को चिन्हित किया गया जिनकी जल्द गिरफ्तारी होगी। वही उत्पाद विभाग के अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में विदेशी शराब की कीमत कम है लेकिन शराबबंदी की वजह से बिहार में इसे ऊंची कीमत पर बेची जाती है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर शराब माफियाओं की संलिप्तता से इंकार नहीं किया और कहा कि पूरे अनुसंधान के बाद ही यह साफ हो पायेगा। मौके पर पुनि नवल किशोर सिंह, मसलिया थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, पुअनि दिलीप पाल, अभय कुमार एवं अमित कुमार, हवलदार नरेश मुर्मू एवं बाबूराम किस्कू, आरक्षी राजेन्द्र राम, अनंत कुमार दे, कोकिल पाल मौजूद थे.








