दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने समाहरणालय ब्लॉक ‘सी’ के प्रथम तल पर निर्मित पालना घर (क्रेच) का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यरत महिलाओं की सुविधा, बच्चों की सुरक्षित देखभाल एवं समुचित पोषण सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
न्होंने बताया कि पालना घर में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं बाल-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। यहां खेल-कूद की सामग्री, विश्राम व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पोषण युक्त आहार, शौचालय एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
स्तनपान कक्ष की विशेष व्यवस्था
उपायुक्त ने माताओं के लिए स्तनपान (Breastfeeding) कक्ष की व्यवस्था को अहम बताते हुए कहा कि यह स्थान पूर्णतः सुरक्षित, स्वच्छ एवं गोपनीयता युक्त है, जिससे महिलाएं सहज एवं सम्मानजनक वातावरण में अपने शिशुओं को स्तनपान करा सकें।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में भी इसी प्रकार के पालना घर स्थापित किए जाएं। साथ ही परिसर में स्पष्ट साइनेज लगाने एवं नियमित निगरानी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा।
समाहरणालय में अत्याधुनिक क्रेच सुविधा शुरू, मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जोर








