Home / News / भाजपा झामुमो को करारा जवाब उसी के अंदाज में देगी –डॉ लुईस मरांडी

भाजपा झामुमो को करारा जवाब उसी के अंदाज में देगी –डॉ लुईस मरांडी

दुमका : रघुवर सरकार के दो वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य पर मंगलवार को शिकारीपाड़ा प्रखंड मैदान में आयोजित विकास पर्व में समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने कहा कि दो साल में रघुवर सरकार पर अब तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। इससे यह बात साबित होती है कि सरकार जनता के हित में बेहतर काम कर रही है और सरकार की कार्यशैली से जनता का मान-सम्मान बढ़ा है। मंत्री ने कहा कि सीएनटी एवं एसपीटी एक्ट में आंशिक संशोधन एवं सरलीकरण जनहित व विकास के मद्देनजर किया गया है। कहा कि सरकार की कार्यशैली व राज्य में हो रहे विकास से झामुमो बौखला गयी है। जनाक्रोश सभा कर जनता को दिग्भ्रमित करने का काम हो रहा है। झामुमो के इस प्रपंच से सावधान रहने की जरूरत है। कहा कि भाजपा झामुमो को करारा जवाब उसी के अंदाज में देगी।मंत्री ने कहा कि रघुवर सरकार की सारी योजनाएं पंचायत सचिवालयों से ही संचालित होगी। यहीं से योजनाओं का चयन किया जायेगा न कि वातानुकूलित कमरों में बैठकर। प्रत्येक पंचायत सचिवालय में चार सहयोगियों की बहाली ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से किया गया है। ये लोग जनता और गांव की सरकार के बीच कड़ी का काम करेंगे। डॉ. लुईस ने मुख्यमंत्री जनजाति विकास योजना एवं ग्रामीण विकास योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक गांव में महिला मंडल सखी ग्रुप का गठन किया जा रहा है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार नये विश्वविद्यालय खोल रही है जिसमें रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय भी शामिल है। इस विवि में पढ़नेवाले छात्र-छात्राएं डिग्री के साथ सीधे तौर पर पुलिस फोर्स में बहाल होंगे। खेल विश्वविद्यालय भी स्वीकृत हुआ है। दो साल के दौरान 2525 गांवों का विद्युतीकरण किया गया है। पोषण सखी की बहाली की गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सरकार ने कई अहम काम किये हैं। सरकार ने यह भी तय किया है कि 85 तरह की बीमारियों के इलाज में सरकार आíथक मदद करेगी। जिसके तहत एक हजार से पांच लाख तक का अनुदान दिया जायेगा।मंत्री ने कहा जनवरी या फरवरी में मुख्यमंत्री दुमका में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। 18 वर्ष के ऊपर की विधवा महिला को सरकार प्रति माह 600 रुपये पेंशन दे रही है। रांची में हज हाउस के निर्माण की स्वीकृति सरकार ने दी है। कहा कि शिकारीपाड़ा प्रखंड के ढाका गांव में बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। इससे पूर्व कार्यक्रम को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, पूर्व विधायक सुनील सोरेन,गौरीशंकर यादव, एवं मनोज सिंह पहाड़िया ने भी संबोधित किया। मौके पर भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह मुन्ना, बुधराय हांसदा, जवाहर मिश्रा, श्याम मरांडी, शिवधन मुर्मू, दिनेश सिंह , शिकारीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष सुकुमार मंडल, ढेना हांसदा, बबलू दत्ता, उत्तम पाल, बबलू मंडल समेत बड़ी संख्य में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। मंच का संचालन जिला अध्यक्ष निवास मंडल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *