Home / News / रघुवर यदि शिबू के दूसरे बेटे हैं तो नालायक हैं- हेमंत सोरेन

रघुवर यदि शिबू के दूसरे बेटे हैं तो नालायक हैं- हेमंत सोरेन

दुमका ।
पूर्व मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने आवास दुमका में पत्रकारों से बातचीत में 17 जनवरी से प्रारंभ हो रहे विधानसभा के बजट सत्र को नहीं चलने देने का संकेत दिया है। हेमंत ने कहा कि राज्य सरकार को कोई सहयोग करने की स्थिति में नहीं हैं। सरकार हमसे सहयोग की उम्मीद न करे। हेमंत ने कहा कि सरकार अलोकतांत्रिक तरीके से काम कर रही है। असंवैधानिक तरीके से निर्णय ले रही है। सरकार न तो अपने मंत्रियों की सुन रही है न ही विपक्षी दलों की बात सुनने को तैयार है। जनता के हितों को नजर अंदाज किया जा रहा है।हेमंत ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री रघुवर दास असंवैधानिक ढंग एसपीटी व सीएनटी एक्ट को बदलने पर आमदा है वहीं दूसरी ओर अपने को शिबू सोरेन का दूसरा पुत्र होने का दावा कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। गुरुजी का कोई बेटा सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन और झारखंड विरोधी निर्णय नहीं ले सकता है। मुख्यमंत्री को यह पता है कि गुरुजी की ताकत क्या है और इसलिए वे भ्रम फैला कर जनता को ठगने में लगे हैं। रघुवर ने झारखंड विरोधी निर्णय करने में तमाम हदें लांघ दी है और झूठ बोलने में सबको पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में अगर वे खुद को गुरुजी का बेटा मानते हैं तो वे नालायक बेटा हैं। हेमंत ने कहा कि मुख्यमंत्री यह झूठ बोल रहे हैं कि शिबू सोरेन ने भी सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन पर सहमति जतायी थी। हेमंत ने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी विश्वसनीयता खो रहे हैं। हेमंत ने कहा कि झारखंड में लोकतंत्र नहीं एकतंत्र की सरकार है लोकतंत्र को कब्र में डाल दिया गया है। मोके पर पूर्व मंत्री व झामुमो के वरिष्ठ नेता हाजी हुसैन अंसारी के नेतृत्व में सोमवार को मुख्यमंत्री का मधुपुर में काला झंडा दिखाकर विरोध करने के सवाल पर हेमंत ने कहा कि इस तरह का विरोध राज्य के कोने-कोने में होगा। उन्होंने कहा कि सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन के प्रयास से जनता में जबरदस्त आक्रोश है। जनता की भावनाओं के साथ झामुमो भी विरोध के लिए किसी भी हद तक जाएगा। सड़क से लेकर सदन तक इसका विरोध होगा। मुख्यमंत्री को ऐसे विरोध के लिए तैयार रहना होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद विजय हांसदा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर प्रहार किया। कहा कि संताल परगना समेत साहिबगंज में गंगा पर पुल बनाने के लिए केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयास पूंजीपति दोस्तों को लाभ पहुंचाने के लिए हो रहा है। एक सवाल पर कहा कि साहिबगंज में पीएम के आने के किसी भी कार्यक्रम की सूचना उन्हें नहीं है। हेमंत ने कहा कि झामुमो के स्थापना दिवस पर दो फरवरी को दुमका के गांधी मैदान से रघुवर सरकार के दो साल के कामकाज व झारखंड विरोधी निर्णयों का खुलासा किया जाएगा। कहा कि झामुमो दो फरवरी को प्रमंडल के गांव-गांव से आने वाली जनता को सरकार की गलत नीतियों की जानकारी देगा। एसपीटी एक्ट में संशोधन से होने वाले नुकसान की भी जानकारी दी जाएगी। मौके पर पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, केंद्रीय महासचिव विजय कुमार सिंह , जिला अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *