गोड्डा जिले में गुरुवार की देर रात ईस्टर्न कोल फ़ील्ड्स की राजमहल कोल परियोजना के ललमटिया स्थित भोड़ाय साइट खदान धंसने से करीब 40 लोग जमींदोज़ हो गए। फिलहाल वहां से 11 लोगों के शव निकाले गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। गुरुवार की रात करीब 300 फीट खाई में काम पर लगाये गये 35 डंपर, चार पे-लोडर भी धंस गये। मलबे में में हाइवा और एक जीप के भी दबे होने की सूचना है।घटनास्थल की हालत यह है की ललमटिया की डीप माइनिंग में 300 फीट का गड्ढा ऊपर से भर कर समतल मैदान बन गया है। आशंका जतायी जा रही है कि खाई में दबे अधिकतर लोगों की मौत हो गयी है। हालांकि अभी तक मृतकों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।घटना की सूचना फैलते ही आसपास के इलाकों में हाहाकार मच गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये हैं। इसीएल के सभी पदाधिकारी व एसडीपीओ आर मिश्रा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल खदान के पास मौजूद है। हालांकि राहत कार्य धीमी होने की वजह से लोगों में आक्रोश भी है।
पास के इलाकों के हैं ज्यादातर मजदूर
खनन कार्य में ललमटिया के आसपास के भादो टोला, भोराईं, नीमा व ललभुटवा आदि गांव के मजदूर व कर्मचारी लगे थे। इस खदान को इसीएल ने महालक्ष्मी खनन कंपनी को लीज पर दे रखा था। वहीं सुखदेव एंड कंपनी का भी सामान लगा है। गुरुवार को काम के दौरान ही अचानक ही खदान धंस गयी। एक ओवर मैन हेमनारायण यादव को जख्मी हालत में वहां से निकाला गया है। उसका इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। केंदुआ गांव का चालक शहादत अंसारी ने फोन पर बताया है कि खदान में जहां मलवा गिरा है, वहां 300 फीट गहरी खाई है।
पहले भी हो चुकी है दुर्घटना
करीब छह माह पहले इसी खदान में एक ड्रील मशीन डूब गयी थी। कंपनी ने उस घटना से सबक नहीं लिया और पूर्व की तरह काम चालू रखा। घटना के बाद से वहां के मजदूर आक्रोशित हैं। सीएम ने डीसी से कहा राहत कार्य तेज चलायें।
वहीं, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा और डीजीपी डीके पाण्डेय ने घटनास्थल का दौरा किया है। दोनों ने चलाए जा रहे राहत कार्य को देखा है। इनके साथ जिला के तमाम आलाधिकारी भी मौजूद थे।
मृतको के नाम
जावेद अंसारी (22), गढ़वा
सकील अंसारी (27), रामगढ़
संजय कुमार शाही (35), लोहरदगा
राजेंद्र यादव (35), सीवान
हरिकिशोर यादव (28), सीवान
जयप्रकाश ततवा (30), मुजफ्फरपुर
लालू खान(सुपरवाइजर), मुजफ्फरपुर
नागेश्वर पासवान, चालक(23), मुजफ्फरपुर
ब्रजेश यादव (26) बलिया
नुरुल हसन (27) मध्य प्रदेश
विकास पटेल (27) गुजरात
दबने वाले लोगों के नाम
लडडू यादव, सीवान
अजय कुशवाहा, बिहार
जयप्रकाश
संगीत विश्वकर्मा, गढ़वा
सुनील पांडा, गढ़वा
परवेज आलम, हजारीबाग
भीम राय, भागलपुर
संजय कुमार सेटठी
जगजीत पटेल, गुजरात
रामकुमार गोस्वामी, मध्य प्रदेश
मो जमील, मध्य प्रदेश
जुल्फकार खान, मध्य प्रदेश
ललन कुमार,
गगन सिंह
मधु पटेल
राजकुमार








